फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: बीते 24 घंटे में क्या-क्या हुआ? फायरिंग से आरोपियों के पकड़े जाने की पूरी कहानी

Mon, 19 Oct 2026 08:04 PM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला Published by: राजश्री वर्मा Updated Mon, 19 Oct 2026 08:04 PM IST
सार

Tiger Shroff Firing Case Explained: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में रविवार शाम 7 बजे जानलेवा हमला हुआ। उनकी कार पर 5 राउंड गोलियां चलीं पर वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी तेजी दिखाते हुए 24 घंटे से भी कम समय में हमलावरों को पकड़ लिया। इस खबर में सिलसिलेवार तरीके से जानें मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?

विज्ञापन
Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
टाइगर श्रॉफ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे और फिल्म 'हीरोपंती' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम जानलेवा हमला हुआ। यह खबर सामने आते ही पूरे बॉलीवुड में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन


घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए। हालांकि, इसमें उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। आइए अब जानते हैं कि यह वारदात कब और कहां हुई? एक्टर की हालत अब कैसी है? और इस मामले की जांच अब तक कहां पहुंची है? 
विज्ञापन
Trending Videos

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
फुटबॉल ग्राउंड में टाइगर श्रॉफ - फोटो : X

टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद कहां से लौट रहे थे, जब फायरिंग हुई?
टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू में स्थित ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब जाते हैं। यहां वे अन्य बॉलीवुड हस्तियों के साथ नियमित रूप से फुटबॉल खेलते हैं। इसके अलावा, वह मुंबई एफसी नामक फुटबॉल क्लब से भी जुड़े हुए हैं। रविवार 18 अक्तूबर की शाम 7 बजे वह इसी क्लब से फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। अभिनेता अपनी बीएमडब्ल्यू सेडान कार में बैठकर ग्राउंड से घर जाने की तरफ निकले थे।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग की घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था?
टाइगर जिस मैदान में खेलते हैं, वहां गेट पर हर वक्त अभिनेता के कई फैंस पहले से ही मौजूद रहते हैं। कई बार टाइगर खुद ग्राउंड के अंदर से ही अपने फैंस से मुलाकात करने आते हैं। उनके साथ तस्वीरें लेते हैं और उनको ऑटोग्राफ देते हैं। घटना जब हुई तब ऐसे ही टाइगर के फैंस की भीड़ वहां मौजूद थी। इसके अलावा कार में टाइगर के ड्राइवर भी मौजूद थे।

विज्ञापन

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
टाइगर की कार पर फायरिंग - फोटो : अमर उजाला
टाइगर श्रॉफ की कार पर कितनी गोलियां चलाई गईं?
  • टाइगर अपनी कार से जैसे ही ग्राउंड के बाहर निकलते।
  • वहां मौजूद दो शूटर्स ने उनकी कार पर फायरिंग करना शुरू कर दी।
  • घटना से सामने आए वीडियो में साफ दिखा कि तीन शख्स एक बाइक पर बैठकर आए।
  • उनमें से दो ने नीचे उतरकर टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया था।
  • गोली चलाने से पहले दोनों हमलावर 45 मिनट तक खड़े रहकर टाइगर का इंतजार करते रहे।
  • टाइगर पर हमला करने के लिए देसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।
  • 7 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें से 5 कार पर हिट और 2 मिस हुए।
  • वहीं, दूसरे शूटर का पिस्टल जाम हुआ, इसलिए टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए।
  • हमला करने के बाद हमलावर बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर विरार दिशा में भाग गए।

किसने ली टाइगर पर हमले की जिम्मेदारी?
अफरा-तफरी के बीच अभिनेता पर हुए हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली। दोनों बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया गया है। इसमें लिखा था, 'जय महाकाल, जय श्री राम। राम राम सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी में अनिल पंडित और हरमन संधू लेते है। इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा। इतंजार करिए और देखिए।'

विज्ञापन

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
टाइगर श्रॉफ - फोटो : अमर उजाला
हमले के बाद टाइगर श्रॉफ ने क्या किया?
हमलावार जब फायरिंग करके भाग गए तब टाइगर ने खुद गाड़ी चलाकर अपने ड्राइवर और एक अन्य जख्मी शख्स को अस्पताल पहुंचाया। फायरिंग में दो लोग घायल हुए, जिनमें से एक टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस है। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है।
जबकि टाइगर की हालत अब ठीक है। वह अस्पताल से अपने घर पहुंचे। अभिनेता की पहली तस्वीर सामने आई तो उनके हाथ में कच्चा प्लास्टर बंधा हुआ दिखाई दिया। शरीर पर कई खरोंच के निशान भी नजर आए।

एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद क्या कहा? 
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने कहा, 'यह एक गंभीर और निंदनीय घटना है... पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, सौभाग्य से वह सुरक्षित हैं। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं। अभिनेता से मुलाकात के दौरान पता लगा कि उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। वह और उनकी मां दोनों काफी सदमे में हैं... मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि सार्वजनिक हस्तियों को दी जा रही धमकियों से राज्य सरकार सख्ती से निपटेगी। सरकार और पुलिस उनके साथ खड़ी है... किसी भी प्रकार की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार आम बात थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इन पर रोक लगा दी थी... लोगों को डराने-धमकाने के इन प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम इस गुंडागर्दी का अंत करेंगे।'

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अलावा अभिनेत्री दिशा पाटनी ने भी टाइगर के उनके आवास जाकर मुलाकात की। वह देर रात अभिनेता से मिलने पहुंचीं।

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्या निर्देश दिए?
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गंभीर और निंदनीय बताया है। सीएम फडणवीस ने कहा कि मुंबई पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और उसे कुछ अहम सुराग मिले हैं। उन्होंने कहा, 'इनके आधार पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस उन आकाओं तक भी पहुंचेगी, जो पर्दे के पीछे रहकर साजिश रच रहे हैं और दूर बैठकर निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के भीतर सक्रिय आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपी राज्य के बाहर या देश से बाहर रहकर काम कर रहे हैं।

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
टाइगर हमले केस की जांच करती मुंबई पुलिस - फोटो : ANI
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है?
  • गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस और जुहू पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
  • घटनास्थल का मुआयना किया गया और जरूरी सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया।
  • पुलिस ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग की है। फॉरेंसिक टीम की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और सबूत जुटाए।
  • जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गईं।
  • पुष्पा पार्क में जहां फायरिंग हुई, वहां से 300-400 मीटर दूरी पर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई थी। पुलिस ने एरिया सील करके रास्ता बंद कर दिया।
  • डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा कि मुंबई पुलिस ने 15 टीमें गठित की हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • पुलिस की टीमों ने कुर्ला, बांद्रा, दादर और कल्याण रेलवे स्टेशनों सहित मुख्य ट्रांजिट हब पर तलाशी लेना शुरू किया।
  • इस बीच रात करीब 9:30 बजे एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया।

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
टाइगर पर हमला करने वाले संदिग्ध, जो अब आरोपी हैं। - फोटो : सोशल मीडिया
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक क्या-क्या हुआ है?
इसके बाद मामला मुंबई पुलिस से मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ में चला गया है।
19 अक्तूबर की सुबह 8 बजे टाइगर के ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया है।
सुबह 9:30 बजे तक वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन से बरामद कर ली।
10 बजे तक चश्मदीदों की एक तस्वीर भी सामने आई।
मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया।

कौन है टाइगर मामले में पकड़े गए शूटर्स?
आगे मामले में पकड़े गए तीन संदिग्धों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई।  एक का नाम फूल सिंह है। दूसरे का नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है। 22 साल का यह संदिग्ध बेगूसराय, बिहार का रहने वाला है। वहीं तीसरे संदिग्ध का नाम रेहान है जो 18 साल का है और सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला है।

क्यों सलमान के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा?
इसी बीच मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी। सलमान के 'गैलेक्सी अपार्टमेंट्स' के बाहर बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिसकर्मी और पुलिस की गाड़ियां देखी गईं।

कहां से पकड़े गए टाइगर मामले के आरोपी?
दोपहर करीब 1 बजे कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। तीनों आरोपियों को पकड़ने के बाद कोटा पुलिस ने एक प्रेस वार्ता में मामले से जुड़ी अहम जानकारी साझा की। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि तीनाें शूटर्स को हिरासत में लिया गया है। यह लगातार बिश्नोई गैंग के सदस्य अनिल पंडित के संपर्क में थे। तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे।

Tiger Shroff Firing Case Updates Actor Health Full Details
कोटा में एसपी तेजस्विनी गौतम - फोटो : ANI

जानिए मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
कोटा में एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया, 'मुंबई पुलिस से हमें सूचना मिली थी कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के संदिग्ध आरोपी एक ट्रेन में सफर कर रहे हैं और ट्रेन जल्द ही कोटा जंक्शन पहुंचने वाली है। सूचना मिलने के 15 से 20 मिनट के अंदर हमने इस ऑपरेशन की तैयारी कर ली। मैंने पुलिस की टीमें बनाईं और ट्रेन की पहचान कर उसकी तलाशी ली गई। कोटा सिटी पुलिस के सभी जवानों को अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया था।

मुंबई पुलिस ने हमें सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए थे। इनकी मदद से ट्रेन में सफर कर रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। उनसे पूछताछ की गई और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। तीन आरोपियों में से दो हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। हालांकि, वह पिछले तीन से चार साल से मुंबई में रह रहा था और रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था।

तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया और इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी गई। मुंबई पुलिस कोटा पहुंच चुकी है। अब हम ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया के लिए तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed