बच्चों के सामने पत्नी की हत्या: शराब पीने की बात पर विवाद के बाद पति ने कुल्हाड़ी से किए वार; उतारा मौत के घाट
मालथौन में शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। गुस्साए पति ने बच्चों के सामने पत्नी रश्मि आदिवासी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
विस्तार
सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित बड़े मोहल्ले में सोमवार शाम पति-पत्नी के बीच शराब पीने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
शराब पीने को लेकर अक्सर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रश्मि आदिवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने की बात को लेकर आए दिन विवाद होता था। सोमवार शाम भी पति के शराब पीकर घर आने पर रश्मि ने उसे उलाहना दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गुस्साए पति ने बच्चों के सामने ही रश्मि पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पढे़ं: दिल्ली पीजी हादसे में जान गंवाने वाले अर्पित का शव पहुंचा घर, भाई को देखते ही फूट-फूटकर रोई बहन
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया
घटना की सूचना मिलते ही मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मंगलवार दोपहर 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मालथौन थाना प्रभारी दिनेश भोजक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
