एमपी: बेटे को पीठ पर बांधकर टमस नदी पार कर रही थी मां, गहरे पानी में डूबे दोनों, मासूम की मौत; मां आईसीयू में
मैहर के भरौली गांव में खेत जाते समय टमस नदी पार कर रही मां-बेटे की जोड़ी गहरे पानी में डूब गई। ग्रामीणों ने दोनों को बचाया, लेकिन 8 वर्षीय सौरभ की अस्पताल में मौत हो गई। मां ICU में भर्ती है।
विस्तार
मंगलवार सुबह अमदरा थाना क्षेत्र के ग्राम भरौली में दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की ओर जा रही 40 वर्षीय सबीना पटेल अपने 8 वर्षीय बेटे सौरभ पटेल के साथ टमस नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। इलाज के दौरान सौरभ की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सबीना की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है।
बेटे को पीठ पर बांधकर नदी पार कर रही थी मां
जानकारी के अनुसार ग्राम भरौली निवासी सबीना पटेल (40), पति वीरेंद्र पटेल, मंगलवार सुबह अपने 8 वर्षीय बेटे सौरभ के साथ खेत की ओर जा रही थीं। खेत के पास टमस नदी पड़ती है। नदी पार करते समय सबीना ने बेटे को पीठ पर बांध रखा था। दोनों नदी के बीच पहुंचे ही थे कि अचानक गहरे पानी में चले गए। इससे मां-बेटे दोनों डूबने लगे।
ग्रामीणों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला
पढ़ें: 'मंदिर टूट गया, पर हनुमान जी टस से मस न हुए': उज्जैन में प्रशासन पस्त, संत बोले- यह चमत्कार नहीं तो क्या है?
इलाज के दौरान सौरभ ने तोड़ा दम
अस्पताल में 8 वर्षीय सौरभ की हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सौरभ की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे को मां अपने साथ खेत लेकर निकली थी, वह वापस घर नहीं लौट सका।
मां ICU में भर्ती, हालत गंभीर
हादसे में सबीना पटेल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती किया है, जहां उनका उपचार जारी है। परिवार एक तरफ सौरभ की मौत से सदमे में है, वहीं सबीना के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठा है।
परिजन ने बताई हादसे की कहानी
परिजन लक्ष्मण प्रसाद पटेल ने बताया कि सबीना अपने बेटे सौरभ को पीठ पर बांधकर नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि घटना में सौरभ की मौत हो गई, जबकि सबीना का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अमदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नदी पार करने के दौरान मां-बेटा किन परिस्थितियों में गहरे पानी में पहुंचे।
गांव में पसरा मातम
सौरभ की मौत की खबर के बाद भरौली गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग सदमे में हैं और ग्रामीण भी घटना से दुखी हैं। बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। इस हादसे ने नदी पार करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सबीना का ICU में इलाज जारी है।
