अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को पस्ता माफी बाढ़ चौकी पर इस सत्र में छठी बार राहत किट का वितरण किया गया। विधायक रामचंद्र यादव और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट की मौजूदगी में 312 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी गई। राहत सामग्री सलेमपुर के 60, अब्बूपुर के 75, सरायनासिर मुजेहना के 100, मरोचा के 37, पसैया तटबंध के 28 और नैपुरा के 12 परिवारों को वितरित की गई। प्रत्येक राहत किट में आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, नमक, नहाने की बाल्टी, तिरपाल समेत 26 प्रकार की आवश्यक सामग्री शामिल है। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि रुदौली तहसील में अब तक 1482 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। आठ अगस्त को 125, 19 अगस्त को 225, 20 अगस्त को 284, 22 अगस्त को 386, तीन सितंबर को 150 और पांच सितंबर को 312 राहत किट का वितरण हुआ। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। बाढ़ के बीच पशुधन को बचाने के लिए भी प्रशासन की ओर से भूसा उपलब्ध कराया जा रहा है। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 803.5 कुंतल भूसा वितरित किया जा चुका है। इसमें नौ अगस्त को 158.3 कुंतल, 21 अगस्त को 208.8 कुंतल, 29 अगस्त को 141 कुंतल और 31 अगस्त को 295.4 कुंतल भूसा वितरित किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराया जा चुका है। सर्वे के आधार पर प्रभावित सभी परिवारों को जल्द से जल्द राहत सामग्री और पशुओं के लिए भूसा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार राहत कार्य में जुटा है। वितरण के दौरान एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, शहंशाह, शिव प्रताप और महेंद्र वर्मा समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।