शिवपुरी जिले की ग्राम पंचायत मोहनगढ़ के ग्राम बीची मोहनगढ़ के मजरा दुर्गापुरी की आदिवासी बस्ती में बारिश के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बस्ती में जगह-जगह पानी भर गया है। शासकीय माध्यमिक स्कूल भी चारों तरफ से जलभराव से घिरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी इतना ज्यादा है कि उसमें भैंसें तक तैरती नजर आ रही हैं। इन समस्याओं को लेकर ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को आवेदन सौंपकर सड़क, जल निकासी और पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के बाद बस्ती को शिवपुरी से जोड़ने वाला मुख्य रास्ता कीचड़ और पानी से भर गया है। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ता खराब होने के कारण जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस भी बस्ती तक नहीं पहुंच पाती।
पढ़ें: शिवभक्ति में डूबा सीहोर, लाखों की भीड़ के बीच निकली कांवड़; प्रदीप मिश्रा संग 11 किमी चले हजारों कांवड़िए
वहीं, बस्ती के शासकीय माध्यमिक स्कूल के आसपास भी गंभीर जलभराव की स्थिति है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है। पानी इतना अधिक है कि उसमें भैंसें तैरती दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसे जरूरत पड़ने पर अधिकारियों को दिखाया जाएगा।
समस्याओं को लेकर ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच राजाराम परिहार पर शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। आवेदन में पंचायत की कार्यप्रणाली और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक नहीं पहुंचने की शिकायत भी की गई है। हालांकि, इन आरोपों पर पंचायत पक्ष का जवाब सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बस्ती तक सीसी रोड बनवाने, स्कूल के आसपास जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और पंचायत से जुड़ी शिकायतों की जांच कराने की मांग की है। अब बारिश के बीच सामने आई इस समस्या पर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।