मिर्जापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न संवर्गों में कार्यरत कर्मचारियों ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत पांच सूत्री मांगों पूरी करने के लिए आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने न्यूनतम 18 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने, कार्यावधि, अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी वेतन वृद्धि नीति लागू करने की मांग की। लंबे समय से कार्यरत एनएचएम कर्मियों को राज्य आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में समाहित कर नियमित करने की भी मांग उठाई गई। विमलेश दुबे ने रिक्त पदों को जल्द भरने और पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने के साथ ही ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग की। आउटसोर्स कर्मियों को सेवा सुरक्षा देते हुए समायोजन अथवा प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियोजित करने की भी मांग की। प्रदर्शन में अनुज ठाकुर, प्रियंका त्रिपाठी, विमलेश दुबे, सुधा, अंकिता सिंह, पंकज कुमार, राकेश, शशि तिवारी, शशिकला, दीपक दुबे, विशाल यादव आदि शामिल रहे।