न्यूज डायरी: पीएम मोदी 8 सितंबर को गुजरात जाएंगे, तैयारियां तेज; झारखंड के डैम में बहे दो किशोर लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डैम की तेज धारा में बहे दो किशोर लापता, झारखंड में तलाश जारी
झारखंड में दो किशोर डैम की तेज जलधारा में बह गए। सरायकेला में हुए इस हादसे के बारे में पुलिस ने बताया कि रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले में खरखाई चेक डैम की तेज जलधारा में बहे दो किशोर लड़के लापता हो गए। सप्ताह के अंत में छुट्टियां मनाने आए दोनों किशोर डैम के पानी में उतरे तभी तेज प्रवाह में दोनों बह गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ से मदद मांगी है। तलाशी अभियान सोमवार को फिर से शुरू होगा।
ज्योति नूरां को मिलेगा विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड 2026
प्रसिद्ध सूफी गायिका ज्योति नूरां को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें अक्तूबर में नई दिल्ली में होने वाले विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रो. जसीम मोहम्मद ने की। प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि ज्योति नूरां ने अपनी प्रभावशाली आवाज और विशिष्ट गायन शैली के माध्यम से सूफी संगीत को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई है। उनका संगीत भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्रेम, भाईचारे और मानवीय मूल्यों का संदेश देता है।
ओडिशा विजिलेंस विभाग ने एक महिला इंजीनियर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.15 लाख रुपये नकद, 63 लाख रुपये की जमा राशि और पांच प्लॉट जैसी संपत्तियां मिलीं। एक विजिलेंस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अनुपमा साहू केंद्रपाड़ा के ड्रेनेज डिवीजन में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एईई) हैं। एक गोपनीय सूचना के आधार पर विजिलेंस टीम ने शनिवार को एनएच 53-ए पर मार्शाघई क्रॉसिंग के पास अनुपमा की सरकारी गाड़ी को रोका। गाड़ी से 3.15 लाख रुपये नकद मिले। शक है कि ये गलत तरीके से कमाए गए है। उन्होंने बताया कि इंजीनियर की संपत्तियों की तलाशी के दौरान केंद्रपाड़ा के नयनविहार में उसके घर से 4 लाख रुपये नकद जब्त किए। साथ ही 63 लाख रुपये की जमा राशि, भुवनेश्वर में एक फ्लैट, ढेंकनाल जिले के कामाख्यानगर में रॉड और सीमेंट का गोदाम, बोलांगीर में एक दुकान और भुवनेश्वर, अनुगुल और ढेंकनाल में पांच प्लॉट का पता चला। अनुपमा 2003 में अनुगुल सिंचाई डिवीजन में जूनियर इंजीनियर (जेई) के तौर पर सरकारी सेवा शामिल हुई थीं और उनकी शुरुआती सैलरी 4,000 रुपये प्रति माह थी। 2009 में उनकी सेवा नियमित कर दी गई।
तेलंगाना के नलगोंड जिले में पॉर्क करी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 साल के बुजुर्ग ने 66 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई जब महिला घर में सो रही थी। पति ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके माथे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आईं जो जानलेवा साबित हुईं। पुलिस के मुताबिक, पति और पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा रहता था और शनिवार को पत्नी के करी बनाने से मना करने के बाद उनके बीच बहस हुई थी। अधिकारी ने बताया कि इससे नाराज होकर बुजुर्ग ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दंपति की बेटी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को निर्देश दिया कि वह सूचना के अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत मांगी गईं उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति आरटीआई नियम, 2012 के अनुसार फोटोकॉपी शुल्क लेकर उपलब्ध कराए। आयोग ने यह भी सुझाव दिया कि बोर्ड अपने 19 मई, 2025 के सर्कुलर में बदलाव करे। मामला 10वीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के एक अभ्यर्थी की ओर से दायर आरटीआई आवेदन से जुड़ा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार से तीन दिन की श्रीलंका यात्रा पर जाएंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य संबंधों को और मजबूत करना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रक्षा मंत्री के साथ रक्षा व विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। वह कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे।