देशविरोधी गतिविधियां मामला: पालमपुर में भी रहा है आठवीं पास हमजा, जांच एजेंसियों ने दूसरे दिन भी की पूछताछ
आठवीं पास हमजा पहले अपने परिवार के साथ पालमपुर में रह चुका है और वहां उसने स्कूल में पढ़ाई भी की थी। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पालमपुर में उसके रहने के दौरान के संपर्कों और गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही हैं।
विस्तार
सोशल मीडिया पर देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार सहारनपुर निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद हमजा के पुराने संपर्कों और गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। आठवीं पास हमजा पहले अपने परिवार के साथ पालमपुर में रह चुका है और वहां उसने स्कूल में पढ़ाई भी की थी। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पालमपुर में उसके रहने के दौरान के संपर्कों और गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही हैं। तीन दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हमजा से दूसरे दिन भी पूछताछ हुई। नई दिल्ली से आई इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों की टीम भी हमीरपुर पहुंची और आरोपी से उसके सोशल मीडिया संपर्कों तथा गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई।
सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच कर रही
जांच में सामने आया है कि हमजा कम उम्र में ही इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे ग्रुप से जुड़ गया था, जिनकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह कब से इन ग्रुप में सक्रिय था और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने सोशल मीडिया के जरिये कितने लोगों को इन समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान के कट्टरपंथी यूजरों को फॉलो करने और यूनाइटेड उम्माह, गजवा-ए-हिंद जैसे समूहों में उसकी सक्रियता की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
अदालत में गुरुवार को होगी पेशी
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन समूहों से उसका संपर्क किस स्तर तक था और वह किन यूजरों के साथ सीधे संपर्क में था। हमजा करीब तीन साल से हमीरपुर में रह रहा था और यहां दर्जी का काम करता था। वह अपने परिवार के साथ प्रतापगली में किराये के मकान में रहता था। पुलिस अब उसके स्थानीय संपर्कों के साथ-साथ बाहरी राज्यों में सोशल मीडिया के जरिये बने संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को वीरवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि आरोपी को वीरवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।