भारत बनाम अफगानिस्तान: क्या आज आखिरी टी20 में खेलते नजर आएंगे वैभव सूर्यवंशी? खुद पोस्ट करके दिया संकेत
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे टी20 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट ने इस चर्चा को हवा दी है। भारत पहले ही सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है।
विस्तार
इस मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि, वैभव की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने तीसरे टी20 में उनके खेलने की संभावनाओं को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
Final prep done ✅ pic.twitter.com/Arf1efMnlH
— Vaibhav Sooryavanshi (@Vaibhavsooryava) September 17, 2026
वैभव सूर्यवंशी ने मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा "Final prep done"। उनकी इस पोस्ट को तीसरे टी20 मुकाबले की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या टीम मैनेजमेंट उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मुकाबले में मौका देने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, वैभव की पोस्ट से उनके प्लेइंग-11 में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं होती है। अंतिम फैसला टीम संयोजन और मैच से पहले कप्तान व टीम मैनेजमेंट के फैसले पर निर्भर करेगा।
अब सैमसन और अभिषेक शर्मा दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं। यह दोनों खिलाड़ी एक ही प्रारूप में नियमित रूप से खेलते हैं और इसलिए वह भी विश्राम नहीं लेना चाहेंगे। ऐसे में टीम प्रबंधन को बदलाव का फैसला करना होगा। ईशान किशन को विश्राम देकर सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करने का विकल्प भी मौजूद है। किशन ने राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से पहले दलीप ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र की कप्तानी की थी। सैमसन मौजूदा सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही टीम प्रबंधन चाहेगा कि अय्यर और तिलक वर्मा को क्रीज पर कुछ समय बिताने का मौका मिले, क्योंकि शुरुआती दो मैचों में शीर्ष तीन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से बाकी बल्लेबाजों को खेलने का खास मौका नहीं मिला।
सीरीज में भारत का दबदबा
भारत ने तीन मैचों की सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर 2-0 की बढ़त बना ली है। आखिरी मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं, अफगानिस्तान की कोशिश होगी कि वह आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज का अंत जीत के साथ करे।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदिन नईब, डारविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी।