बिहार: खिजरसराय पहुंचे जमुई सांसद अरुण भारती, पीड़ित परिवारों से मिले; 50-50 हजार की आर्थिक मदद
खिजरसराय की दो घटनाओं को लेकर जमुई सांसद अरुण भारती ने कुड़वां और पथरा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
जिले के खिजरसराय में हुई दो घटनाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। बुधवार को जमुई सांसद अरुण भारती पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने दोनों परिवारों को न्याय का भरोसा दिलाया और पार्टी की ओर से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। सांसद ने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे अपराध करने वालों में कानून का डर पैदा हो।
कुड़वां और पथरा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
जमुई सांसद अरुण भारती बुधवार को अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ खिजरसराय प्रखंड के कुड़वां और पथरा गांव पहुंचे। उन्होंने दोनों घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हाल जाना और घटना की जानकारी ली। सांसद ने कहा कि मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना सबसे जरूरी है। यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और उनकी मदद करने का है। उन्होंने पार्टी की ओर से दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये के चेक सौंपे।पीड़ित परिवारों ने सांसद से कहा कि अब तक कोई बड़ा नेता उनका हाल जानने गांव नहीं पहुंचा था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और अतरी विधायक रोमित कुमार ने भी अब तक उनसे संपर्क नहीं किया।
जमुई की घटना पर बोले- दोषियों को मिले सख्त सजा
पढ़ें: गंगा में उतरे थे करमा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने, 11 लोग डूबे; चार को बचाया, छह लापता और एक की मौत
कानून-व्यवस्था पर सरकार का किया बचाव
बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर अरुण भारती ने कहा कि पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कानून का सख्त शिकंजा कसना चाहिए। उन्होंने कार्रवाई की तुलना डीडीटी के छिड़काव से करते हुए कहा कि जिस तरह डीडीटी से हानिकारक कीड़ों को रोका जाता है, उसी तरह आपराधिक मानसिकता रखने वालों पर कानून का प्रभावी इस्तेमाल होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
आरक्षण के मुद्दे पर भी रखी पार्टी की बात
आरक्षण के सवाल पर सांसद ने लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान हमेशा समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की बात करते थे। पार्टी का मानना है कि हर वर्ग को उसका उचित हक मिलना चाहिए और किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
दो घटनाओं को लेकर इलाके में आक्रोश
गौरतलब है कि खिजरसराय के कुड़वां निवासी अजय मांझी की पटना जिले के सिंगोड़ी थाना क्षेत्र में मौत हुई थी। अजय ईंट-भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे। परिजनों ने पुलिस हिरासत में मौत का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पथरा गांव की 55 वर्षीय ललिता देवी की मौत का मामला भी सामने आया है। उनकी बहू ने एक युवक पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, अब तक किसी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।