बिहार: बाढ़ में फंसे भगहर गांव के ग्रामीणों तक पहुंचा प्रशासन, डीएम ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
गयाजी के इमामगंज स्थित भगहर गांव में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच फंसे करीब दो हजार ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। खबर के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत टीम गांव पहुंचकर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुट गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गया जिले के इमामगंज नगर पंचायत का भगहर गांव चारों ओर से उफनती नदियों के बीच घिर गया था। करीब दो हजार ग्रामीण कई दिनों से गांव में फंसे हुए थे। इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद जिला प्रशासन और सरकार सक्रिय हुई। राहत टीम गांव पहुंची और लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है।
खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
भगहर गांव के लोग कई दिनों से बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे थे। चारों ओर नदी का पानी होने के कारण गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया था। लोगों के सामने खाने-पीने और अन्य जरूरी सामान की समस्या बढ़ने लगी थी। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और अधिकारियों की टीम गांव भेजी गई।
डीएम बोले- हर जरूरत का रखा जाएगा ध्यान
गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि प्रशासन को स्थिति की जानकारी मिलते ही टीम को गांव भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। डीएम ने कहा कि यदि खाने-पीने की दिक्कत है तो गांव में सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरतमंद लोगों तक राशन और आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। साथ ही, जैसे ही नदी का जलस्तर कम होगा, लोगों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी।
नदी पर बनेगा स्थायी पुल
जिलाधिकारी ने यह भी भरोसा दिलाया कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित नदी पर जल्द पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, ताकि हर साल बारिश के दौरान ग्रामीणों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री संतोष सुमन ने भी दिया आश्वासन
इस मामले पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमर उजाला के माध्यम से मामला उनके संज्ञान में आया है। इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीणों की परेशानियों को गंभीरता से ले रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें-बिहार में बाढ़ का कहर: पटना समेत कई जिलों के निचले इलाके में फैला पानी, 6.65 लाख लोग प्रभावित; जानिए हाल
ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद
प्रशासन की टीम गांव पहुंचने और राहत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। सामुदायिक रसोई, खाद्य सामग्री की आपूर्ति और वैकल्पिक आवागमन की तैयारी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है। वहीं, पुल निर्माण के आश्वासन से ग्रामीणों को उम्मीद है कि भविष्य में उन्हें हर बारिश में इस तरह की मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अमर उजाला से बातचीत करते डीएम शशांक शुभंकर