बिहार: घर में अकेली 70 वर्षीय महिला की हत्या, पेट-सीने पर मिले चाकू के निशान; FSL टीम जांच में जुटी
दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के बसंत गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पवित्री देवी की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। महिला घर में अकेली रहती थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और एफएसएल टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के बसंत गांव में एक बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
मृतका की पहचान 70 वर्षीय पवित्री देवी के रूप में हुई है। वह अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति जीवछ राय का काफी पहले निधन हो चुका था, जबकि उनके दोनों बेटे दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका के पेट और सीने पर चाकू से वार के कई निशान मिले हैं। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया।
महिला का शव खून से सना हुआ घर के अंदर पड़ा था
बताया जाता है कि शनिवार को बसंत गांव में लोगों ने बुजुर्ग महिला के घर में काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी। ग्रामीणों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इससे लोगों को संदेह हुआ, क्योंकि बुजुर्ग महिला अक्सर घर के बाहर दिखाई देती थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा तो महिला का शव खून से सना हुआ घर के अंदर पड़ा था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया
हत्या के बाद ग्रामीणों ने तत्काल जाले पुलिस और पंचायत के मुखिया को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचीं दारोगा दीपशिखा कुमारी ने ग्रामीणों से मृतका के परिवार की जानकारी ली और उनके बेटे-बेटी को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार: 2024 की हार से सबक, 2029 के लिए JDU ने बदली रणनीति? किशनगंज में अब हर वोटर तक पहुंचने का प्लान
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल का बयान
घटना के संबंध में जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पवित्री देवी के दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में हुई है, जबकि दोनों बेटे दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पति के निधन के बाद से पवित्री देवी घर में अकेली रहती थीं।