बरेली: आईवीआरआई में छात्रों का प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी, इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की कर रहे मांग
आईवीआरआई में बीवीएससी एवं एएच के छात्रों का प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी है। वे इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उधर, संस्थान ने छात्रों के अभिभावकों को पत्र भेजकर आंदोलन खत्म कराने की मांग की है।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बीवीएससी एवं एएच के छात्रों का प्रदर्शन जारी है। बुधवार रात बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी छात्र डटे रहे। उनका कहना है कि वे तीन दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कोई भी अधिकारी उनकी मांग सुनने नहीं आया। उधर, संस्थान प्रशासन ने अभिभावकों को पत्र भेजकर बच्चों को समझाने और कक्षाओं में लौट जाने की सलाह देने के लिए कहा है। पत्र में संस्थान ने कहा है कि उच्चाधिकारियों के प्रयास से इंटर्नशिप छात्रों को अब पूरी इंटर्नशिप अवधि का स्टाइपेंड दिए जाने की व्यवस्था हुई है।
वहीं, स्टाइपेंड की राशि बढ़ाने की मांग को सक्षम प्राधिकारी और काउंसिल स्तर पर उठाया जा रहा है। आठ अक्तूबर से द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ वर्ष की कक्षा निलंबन की चेतावनी है। हालांकि, छात्र इंटर्नशिप स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग पर तीसरे दिन भी अड़े रहे। बृहस्पतिवार को भी उनका प्रदर्शन जारी है। प्रकरण में संस्थान के सक्षम अधिकारी कोई बयान देने से बच रहे हैं।
छात्रों की मांग
छात्रों का कहना है कि 12 माह की अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप के बावजूद वर्तमान में उन्हें केवल छह माह के लिए तीन हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता है। प्रदर्शनकारी छात्र पूरी 12 माह की इंटर्नशिप अवधि के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड देने की मांग उठा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य पशु चिकित्सा संस्थानों में दिए जा रहे इंटर्नशिप स्टाइपेंड की तुलना में अंतर की समीक्षा, स्टाइपेंड के लिए मिलने वाले बजट और व्यवस्था में पारदर्शिता तथा मांगों पर लिखित और समयबद्ध जवाब देने की मांग की।
छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, इस मुद्दे को पहले भी संस्थान और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। छात्रों ने कहा कि उनका प्रदर्शन संस्थान या पशु चिकित्सा शिक्षा के विरोध में नहीं है। वे इंटर्नशिप के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड चाहते हैं। छात्रों के पेशेवर परीक्षाएं इसी माह प्रस्तावित हैं। इसके बाद वे अनिवार्य इंटर्नशिप में प्रवेश करेंगे।