क्या आपकी भी खाना खाते समय मोबाइल चलाने या टीवी देखते रहने की आदत है? बिना वीडियो देखे ऐसे लगता है जैसे भोजन अधूरा है?
सेहत की बात: मोबाइल-टीवी देखते-देखते है खाने की आदत? जानिए क्यों इसे विशेषज्ञ मानते हैं नुकसानदायक
Mindful Eating: खाना खाते समय मोबाइल देखने से भोजन पर ध्यान कम हो जाता है और जरूरत से ज्यादा खाने की आशंका बढ़ सकती है। कुछ लोगों में जल्दबाजी से खाने के कारण पेट भारी होने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं। भोजन के दौरान स्क्रीन दूर रखें और धीरे खाएं।
जब हमारा ध्यान मोबाइल पर होता है, तो हम अनजाने में ज्यादा खाने लगते हैं। इसके अलावा मोबाइल पर ध्यान होने के कारण पेट भरने का संकेत भी ठीक से नहीं मिल पाता, जिससे ओवरईटिंग का खतरा बढ़ जाता है। कई बार प्लेट से खाना खत्म होने के बाद भी हम हाथ चलाते रहते हैं, क्योंकि ध्यान वीडियो में लगा होता है।
- डिनर के समय ये आदत और भी नुकसानदायक हो सकती है। आहार विशेषज्ञ डिनर में पेट भरने से थोड़ा कम खाने की सलाह देते हैं, ऐसे में ओवरईटिंग के कारण आपके लिए दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
खाने की संतुष्टि कम महसूस होती है
खाना सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि स्वाद और संतुष्टि के लिए भी होता है। मोबाइल देखते हुए हम खाने की खुशबू, स्वाद पर कम ध्यान देते हैं। इससे भोजन का आनंद कम हो सकता है और खाने के बाद भी कुछ और खाने की इच्छा बनी रह सकती है।
- इतना ही नहीं खाते समय मोबाइल चलाते रहने से और भी कई दिक्कतें हो सकती हैं, जिस तरफ हमारा ध्यान बहुत कम जाता है।
- खाने की मात्रा का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है।
- पेट भरने के संकेतों को पहचानने में देर हो सकती है।
- लंबे समय तक ऐसी आदत रहने पर जरूरत से ज्यादा कैलोरी इंटेक की आशंका भी बढ़ सकती है।
पाचन संबंधी दिक्कतों का खतरा
स्क्रीन में ध्यान लगा होने के कारण अक्सर लोग जल्दी-जल्दी खाते हैं या ठीक से चबाए बिना भोजन को निगल लेते हैं। इससे कुछ लोगों को पेट भारी लगने, गैस या अपच जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, खाते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और भोजन को अच्छी तरह चबाकर ही खाना चाहिए। इससे न सिर्फ पाचन ठीक रहता है साथ ही भोजन से पोषक तत्वों का अवशोषण भी ठीक से हो पाता है।
बच्चों के लिए ये आदत और भी नुकसानदायक
बच्चों को मोबाइल दिखाकर खाना खिलाने की समस्या अमूमन हर घर की कहानी है। इस आदत के कारण बच्चों का ध्यान भूख और पेट भरने के संकेतों से हट सकता है। बच्चों में ओवरईटिंग के कारण मोटापे का खतरा हो सकता है, जो कम उम्र में ही कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ाने वाली हो सकती है।
- खाने के समय मोबाइल को साइलेंट करके दूर रखें।
- भोजन के लिए 15-20 मिनट का फ्री टाइम निकालें जिसमें सिर्फ खाने पर ध्यान हो।
- खाने की मात्रा पर ध्यान दें और पेट भरने से थोड़ा पहले ही खाना बंद कर दें।
- बच्चों के साथ बैठकर खाना खाने की आदत बनाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।