बढ़ता वजन और मोटापा, मौजूदा समय की सबसे आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य स्थितियां हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में ये समस्या देखी जा रही है। जैसे-जैसे वजन बढ़ता जाता है, इसके साथ-साथ डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारियों और कुछ मामलों में कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कम उम्र से ही वजन को कंट्रोल में रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।
वेट लॉस: कैलोरी इंटेक को करना है कंट्रोल, तो सबसे पहले इन चीजों की मात्रा पर दें ध्यान
Calorie Intake For Weight Loss: कैलोरी कंट्रोल करने के लिए मीठे पेय, अतिरिक्त चीनी, बार-बार खाए जाने वाले स्नैक्स और ज्यादा तेल वाले खाद्य पदार्थों की मात्रा कम करना जरूरी है। भूखे रहने या सभी प्रकार के कार्बोहाइड्रेट बंद करने की जरूरत नहीं है। संतुलित भोजन, सही पोर्शन और नियमित गतिविधि आपके लिए काफी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ चीजें ऐसी हैं जिन्हें खाते-पीते समय हम उनकी कैलोरी का अंदाजा नहीं लगा पाते, जैसे मीठे पेय, बार-बार लिए जाने वाले स्नैक्स और ज्यादा तेल में बने खाद्य पदार्थ। इनकी मात्रा कम करने से कुल कैलोरी घटाने में मदद मिल सकती है।
मीठे पेय और पैकेट वाले जूस की मात्रा कम करें
कोल्ड ड्रिंक, मीठी चाय-कॉफी, शुगर वाले और एनर्जी ड्रिंक कैलोरी इंटेक को बढ़ा सकते हैं। इसलिए इनके सेवन को लेकर सावधानी बरतना बहुत जरूरी है।
- रोजाना मीठे पेय पीते हैं तो इनकी मात्रा कम करें।
- जूस की जगह साबुत फल खाएं। पैक्ड जूस का सेवन न करें।
तले हुए स्नैक्स में होती है हाई कैलोरी
समोसा-कचौरी, चिप्स और पकौड़े जैसे खाद्य पदार्थ कम मात्रा में भी हाई कैलोरी दे सकते हैं। इन्हें बार-बार खाने से दैनिक कैलोरी का हिसाब बिगड़ सकता है। इसलिए आपको रोजाना स्नैक्स के दूसरे विकल्पों पर ध्यान देने की जरूरत है।
- रोज के स्नैक्स में भुने चने, बिना ज्यादा नमक वाले मेवे खाएं।
- खाना बनाते समय तेल की मात्रा नापकर डालें। कई अध्ययनों में हर महीने के तेल में 10% तक कटौती करने की सलाह दी गई है।
- पसंदीदा स्नैक्स पूरी तरह बंद करने के बजाय उनकी मात्रा धीरे-धीरे कम करें।
मिठाई और बार-बार चाय के साथ बिस्कुट-नमकीन न खाएं
कई लोग दिनभर में दो-तीन बार चाय के साथ बिस्कुट, नमकीन या मिठाई खाते हैं। हर बार की छोटी मात्रा मिलकर भी कुल कैलोरी को बढ़ा सकती है।
- पैकेट वाली चीजें लेते समय इसपर प्रति सर्विंग कैलोरी की मात्रा को चेक करें।
- डाइट से चीनी और संतृप्त वसा की मात्रा कम करें।
- भूख न होने पर सिर्फ आदत के कारण स्नैक्स खाने से बचें।
इन बातों का रखें खास ध्यान
कैलोरी कंट्रोल करने के लिए रोटी, चावल या फल जैसी चीजें खाना, बिना कारण बंद करना जरूरी नहीं है। जरूरत से ज्यादा सख्त डाइट अपनाने से पोषण की कमी हो सकती है। इसलिए खाने में सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन वाली हेल्दी चीजों को शामिल करें। भोजन की मात्रा का ध्यान रखें और पेट भरने से थोड़ा कम ही खाने की कोशिश करें।
डाइट में सुधार के साथ पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि भी बहुत जरूरी है, इससे अतिरिक्त कैलोरी बर्न होती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।