मध्यप्रदेश के सतना जिले के सोहावल विकासखंड क्षेत्र की फुटौंधी पंचायत के डफाई गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर बरामदे का प्लास्टर टूटकर गिर गया। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बारिश के चलते दूसरे कमरों में भरा था पानी
जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। बारिश के कारण स्कूल भवन के अन्य कमरों में पानी भर गया था। इसके चलते सभी बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान बरामदे के छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर गिरते ही बच्चे घबरा गए और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पढ़ें: तीन फीट हिस्सा और दुकान हटाने पर बनी सहमति, हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद फैसला
तीन छात्राएं और एक छात्र घायल
हादसे में हर्ष कोल पिता छोटेलाल कोल, पल्लवी कोल पिता कैलाश कोल, जानवी कोल पिता प्रकाश और रागनी पाल पिता राजेंद्र पाल घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि हर्ष, जानवी और रागनी के सिर में चोट लगी है, जबकि पल्लवी के पैर में चोट आई है।
बताया गया है कि विद्यालय भवन का निर्माण करीब 11 वर्ष पहले कराया गया था। घटना के बाद स्कूल भवनों की सुरक्षा और बारिश के दौरान बच्चों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा कि विद्यालय का निरीक्षण कर मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जर्जर और क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत कराई जाएगी।