खेत में कपास की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। बलकवाड़ा थाना पुलिस ने ग्राम पोखर में दबिश देकर गांजे के 88 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 102 किलो 250 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए है। मामले में खेत मालिक 58 वर्षीय मोहन पिता गुलाबसिंह सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 30 अक्टूबर को बलकवाड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखर निवासी मोहन ने अपने खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सागर सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की गई।
पुलिस को देखकर भागा आरोपी
पुलिस टीम जब ग्राम पोखर स्थित खेत पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति मौजूद था। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन पिता गुलाबसिंह सिसोदिया, निवासी तालाब के पास ग्राम पोखर बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में तलाशी शुरू की। इस दौरान कपास की फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के हरे पौधे दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 88 पौधों को जब्त कर लिया।
ये भी पढ़ें: बीयू के छात्रावासों की बदलेगी सूरत?: वर्षोंं से चली आ रही समस्याओं पर अब कुलगुरु सख्त, खराब कमरे होंगे दुरुस्त
102 किलो से अधिक गांजे के पौधे मिले
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 102 किलो 250 ग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बलकवाड़ा में अपराध क्रमांक 344/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की विवेचना कर रही है।
राज्य स्तरीय अभियान के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल की ओर से 27 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई में एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सागर सिंह चौहान, चौकी प्रभारी खलटाका मिथुन चौहान सहित बलकवाड़ा थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।