प्रदेश के सात जिलों में फर्जी चिटफंड कंपनियां खोलकर करीब 2 लाख 10 हजार निवेशकों से 492 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सीआईडी की जांच में सामने आया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों ने देश के 17 राज्यों में फर्जी चिटफंड कंपनियां और सोसायटियां खोलकर करीब 3 करोड़ 51 लाख निवेशकों से 5 अरब 12 करोड़ 62 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
सीआईडी एआईजी राजवर्धन माहेश्वरी से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के अशोकनगर, टीकमगढ़, दमोह और विदिशा में चिटफंड कंपनी खोलकर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी के संबंध में 11 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इन सभी मामलों की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। जांच के दौरान पांच मामलों में सामने आया कि भोपाल, सिंगरौली और शहडोल में भी फर्जी चिटफंड कंपनियां खोलकर लोगों से धोखाधड़ी की गई थी। सीआईडी की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मध्य प्रदेश में 2 लाख 10 हजार निवेशकों से 4 अरब 92 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। सभी मामलों की जांच जारी है।
ऐसे की जाती थी धोखाधड़ी
आरोपियों ने सोसायटी बनाकर स्थानीय लोगों को मैनेजर और एजेंट नियुक्त किया। इसके बाद अधिक ब्याज और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से निवेश कराया जाता था। सोसायटी के बैंक खाते मैनेजर के नाम पर खोले जाते थे। इन खातों में जमा रकम निकालकर मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल को भेज दी जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि सोसायटियों का पंजीयन प्रदेश स्तर पर कराने के बजाय केंद्रीय सहकारी समिति, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के माध्यम से कराया जाता था। आरोपियों ने भारतीय रिजर्व बैंक से लाइसेंस लिए बिना ही गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) जैसा काम किया। इसके अलावा केंद्रीय रजिस्ट्रार की ओर से निर्धारित शर्तों का भी उल्लंघन किया गया।
पढ़ें: डूंगरपुर में जर्जर स्कूल की छत भरभराकर गिरी, 120 बच्चे थे मौजूद; बंद कमरा होने से टला बड़ा हादसा
17 राज्यों में फैलाया जाल
सीआईडी की जांच में पता चला कि आरोपियों ने देश के 17 राज्यों में अलग-अलग नामों से 10 सोसायटियां खोलकर निवेशकों से ठगी की। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, असम, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और पंजाब शामिल हैं। जांच के अनुसार, इन राज्यों में करीब 3 करोड़ 51 लाख निवेशकों से 5 अरब 12 करोड़ 62 लाख रुपये की ठगी की गई है।
इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
सीआईडी ने समीर अग्रवाल, सतीक्षण सक्सेना, रवि तिवारी, आलोक कुमार जैन, सूरज रैकवार, सुरेंद्र पाल, पंकज अग्रवाल, अवनीश अरजरिया, अनुराग तिवारी, अजय तिवारी, सुबोध रावत, जिया लाल राय, सुब्रत जैन, विजय शुक्ला, राहुल यादव और सचिन जैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।