वाराणसी: दो दिन बंद रहेंगे इंटर तक के स्कूल, भरत मिलाप और एमएलसी चुनाव के चलते अवकाश
नाटी इमली के भरत मिलाप और विधान परिषद चुनाव के कारण वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय 22 और 23 अक्टूबर को बंद रहेंगे। 22 अक्टूबर को भरत मिलाप का स्थानीय अवकाश और 23 अक्टूबर को मतदान के कारण विशेष आकस्मिक अवकाश रहेगा।
विस्तार
नाटी इमली के ऐतिहासिक भरत मिलाप और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के कारण जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालय 22 और 23 अक्टूबर को बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को नाटी इमली के भरत मिलाप के स्थानीय अवकाश के कारण विद्यालय बंद रहेंगे। वहीं 23 अक्टूबर को मतदान दिवस होने के कारण विशेष आकस्मिक अवकाश दिया गया है।
सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
यह अवकाश जनपद वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी परिषद, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। दोनों दिन विद्यालयों में शिक्षण कार्य नहीं होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों तथा प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव के कारण 23 अक्टूबर को विशेष अवकाश
आदेश में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र एवं शिक्षक क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर को मतदान दिवस है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के 13 अक्टूबर के पत्र के आधार पर विद्यालयों को विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा दी गई है।