कानपुर: केशव प्रसाद मौर्य बोले- 2027 में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, अखिलेश का PDA परिवार डेवलपमेंट एजेंसी
Kanpur News: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए पीडीए को परिवार डेवलपमेंट एजेंसी बताया और आरोप लगाया कि सपा गुंडों व माफियाओं को संरक्षण देती है।
विस्तार
कानपुर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता में कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर आने का अवसर मिलने पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से खुशी होती है और इसी कारण वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
बता दें कि डिप्टी सीएम टीएसएच में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित नमो सेवा, अनकही कहानियां कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आए हैं। सपा पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है।
2027 के चुनाव परिणाम के बाद सपा सैफई जाती दिखाई देगी
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए गुंडों, अपराधियों, माफिया और दंगाइयों को संरक्षण देने वाला है। मौर्य ने कहा कि हिंदू समाज को बांटकर वोट हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी। 2027 के चुनाव परिणाम के बाद सपा सैफई की ओर जाती दिखाई देगी।
एसआईआर की प्रक्रिया का समर्थन करती है भाजपा
मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से किया जा रहा कार्य ऐतिहासिक है। भाजपा एसआईआर की प्रक्रिया का समर्थन करती है। उन्होंने दावा किया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण मतदाता सूची में शामिल हुए अपात्र लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं।
शुद्ध मतदाता सूची भाजपा की प्राथमिकता
इससे कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। मौर्य ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और शुद्ध मतदाता सूची भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कांग्रेस पर एसआइआर को लेकर केवल दिखावा करने का आरोप लगाया।