कोटा: डीएसपी गिरिराज गर्ग की अचानक मौत, सरकारी क्वार्टर में क्या हुआ था?
राजस्थान के कोटा में खनन विभाग में डीएसपी के पद पर तैनात गिरिराज गर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कर्मचारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
विस्तार
राजस्थान के कोटा जिले में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर तैनात अधिकारी गिरिराज गर्ग की हार्ट अटैक से मौत का मामला सामने आया है। गिरिराज गर्ग सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। वर्तमान में वह खनन विभाग में डीएसपी के पद पर तैनात थे। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कर्मचारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने मौत को लेकर किसी तरह की शंका जाहिर नहीं की है। ऐसे में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सरकारी क्वार्टर में अचानक बिगड़ी तबीयत
दादाबाड़ी थाने के एएसआई प्रेम सिंह ने बताया कि डीएसपी गिरिराज गर्ग मूल रूप से भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ के रहने वाले थे। वह 14वीं आरएसी बटालियन में सहायक कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। इस बटालियन का मुख्यालय डीग पहाड़ी में है, जबकि कोटा में भी इसका कार्यालय बना हुआ है। एएसआई के अनुसार, जिस समय गिरिराज गर्ग को हार्ट अटैक आया, उस समय वह अपने सरकारी क्वार्टर में ही मौजूद थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे डीएसपी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरिराज गर्ग पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। करीब छह महीने पहले भी उनकी तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उन्हें जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी और बाद में स्टंट भी डाले गए थे। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मांडलगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
गिरिराज गर्ग का अंतिम संस्कार उनके पैतृक स्थान मांडलगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और बुजुर्ग पिता हैं। डीएसपी के निधन की सूचना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों और साथी जवानों ने गिरिराज गर्ग के निधन पर शोक जताया है।
परिजनों ने नहीं जताई कोई शंका
पुलिस के अनुसार, गिरिराज गर्ग की मौत को लेकर परिजनों ने किसी तरह की शंका जाहिर नहीं की है। उनकी बीमारी और पूर्व में हुई एंजियोप्लास्टी की जानकारी भी परिजनों की ओर से दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।