राजस्थान: वाशिंग मशीन के पांच हजार के रिफंड पर बवाल! लोगों ने दुकानदार को पीटा, हाथ टूटा और 5500 रुपये छीने
राजस्थान के गंगापुर में वाशिंग मशीन के 5,000 रुपये रिफंड को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो दर्जन से अधिक लोगों ने महावीर रेफ्रिजरेशन दुकान के संचालक सम्पत लाल पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर उन्हें लात-घूंसों से पीटा, जिससे उनका हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोट आई।
विस्तार
राजस्थान के गंगापुर में वाशिंग मशीन के रिफंड को लेकर हुए विवाद में महावीर रेफ्रिजरेशन दुकान के संचालक सम्पत लाल पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर सम्पत लाल को लात-घूंसों से पीटा। मारपीट में उनका हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनसे जबरन 5,500 रुपये भी छीन लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर गंगापुर थाना पुलिस ने 14 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाशिंग मशीन के रिफंड को लेकर हुआ विवाद
गंगापुर थाना प्रभारी पूरण मीणा ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर बताया कि आरोपी दो थार, एक फॉर्च्यूनर, एक टाटा ईवी और एक टीयूवी गाड़ी में सवार होकर दुकान पहुंचे थे। सभी लोग एक साथ दुकान के अंदर घुसे और सम्पत लाल को घेर लिया। मुख्य आरोपी कैलाश जाट ने अप्रैल महीने में खरीदी गई वाशिंग मशीन खराब होने पर 5,000 रुपये वापस करने की मांग की।
सम्पत लाल ने बताया कि मशीन उनकी दुकान की नहीं थी, बल्कि ग्राहक की मांग पर किसी अन्य स्थान से मंगवाकर दी गई थी। उन्होंने मशीन में खराबी आने के बाद उसे मरम्मत के लिए अहमदाबाद भेज दिया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी धर्मराज भील और दुकानदार की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
लात-घूंसों से पीटा, हाथ में फ्रैक्चर और सिर पर चोट
प्राथमिकी के अनुसार, हमलावरों ने सम्पत लाल को लात-घूंसों से पीटा। मारपीट में उनके कपड़े फट गए और हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। उनके सिर पर भी चोट आई। वहीं, उनकी पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील के शरीर पर अंदरूनी चोटें पहुंचीं। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने सम्पत लाल से जबरन 5,500 रुपये छीन लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सम्पत लाल को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। इसी वजह से वह घटना की रात पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके।
14 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इलाज के बाद सम्पत लाल की शिकायत पर पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में भावलास गांव के रामकिशन जाट, कैलाश जाट, लक्ष्मीलाल जाट, सोनू जाट, श्रवण जाट, धर्मेन्द्र जाट, हंसराज जाट और राजेन्द्र लुहार शामिल हैं।
इसके अलावा लेसवा निवासी जगदीश जाट, बोरियापुरा के गोपाल जाट, अशोक जाट और बद्री जाट, किरतपुरा निवासी नारायण तथा मैलोनी खेड़ा के गोपाल वैष्णव को भी आरोपी बनाया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान करने और उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।