पेट में दर्द की समस्या बहुत आम है। खान-पान में गड़बड़ी, गैस या फिर कुछ बीमारियों के कारण आपको ऐसी दिक्कत हो सकती है। पर क्या दर्द के आधार पर ही इस बात का पता लगाया जा सकता है कि इसके पीछे क्या कारण हो सकता है?
सेहत की बात: पेट के अलग-अलग हिस्सों में दर्द के हो सकते हैं अलग-अलग कारण, जानिए कैसे लगाएं पता
पेट में दर्द किस जगह है, इसे देखकर डॉक्टर इसके संभावित कारणों को समझने की कोशिश करते हैं। ऊपर, नीचे, दाईं या बाईं तरफ दर्द के अलग-अलग कारण हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द को आमतौर गैस-एसिडिटी, पित्त की पथरी या दूसरी समस्याओं से संबंधित हो सकता है। दाईं ओर नीचे का तेज दर्द अपेंडिसाइटिस जैसी स्थिति में देखा जा सकता है। वहीं पेट के बीच या अलग हिस्सों में दर्द आंतों, किडनी, मूत्र तंत्र या दूसरी वजहों से भी हो सकता है।
पेट में ऊपर की तरफ दर्द
- पेट में ऊपर की तरफ दाईं ओर होने वाला दर्द पित्ताशय जैसी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। पित्त की पथरी में दाईं ऊपरी तरफ या पेट के बीच में तेज दर्द हो सकता है और यह कई घंटे तक रह सकता है।
- ऊपरी पेट के बीच में दर्द एसिडिटी, पेट की समस्या या दूसरी स्थितियों में ज्यादा देखा जाता है। कुछ मामलों में ऊपरी पेट का दर्द पेट से बाहर की समस्या से भी जुड़ा हो सकता है, इसलिए इसे केवल गैस मान लेना सही नहीं है।
नीचे की ओर होने वाला दर्द
पेट के निचले दाईं हिस्से में अचानक बढ़ता दर्द अपेंडिसाइटिस का संकेत हो सकता है। इसके साथ आपको मतली-उल्टी या बुखार भी हो सकता है। वैसे तो हर बार दाईं तरफ का दर्द अपेंडिसाइटिस नहीं होता। किडनी स्टोन, आंतों की समस्या और दूसरी स्थितियां भी इस हिस्से में दर्द कर सकती हैं।
- पेट के निचले हिस्से में दर्द कब्ज, गैस, आंतों की समस्या या महिलाओं में पीरियड से जुड़ी स्थितियों के कारण भी हो सकती है। किडनी स्टोन में दर्द कमर या पेट दोनों में दर्द देखा जाता है और पेशाब करते समय दर्द या मतली भी हो सकती है।
पेट दर्द में कब हो जाएं अलर्ट
अचानक शुरू हुए पेट में तेज दर्द, उल्टी या सांस लेने में परेशानी हो तो आपको सावधान हो जाना चाहिए।
- अगर दर्द बार-बार हो रहा है, कई दिनों तक बना रहता है और मल त्याग में भी दिक्कत हो रही है तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
- सबसे जरूरी बात यह है कि इंटरनेट पर दर्द की जगह देखकर खुद बीमारी तय न करें। पेट दर्द के कई कारण एक जैसे लक्षण दे सकते हैं। इसलिए डॉक्टर से मिलकर दर्द की असली वजह को समझने के लिए जांच बहुत जरूरी हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।