महाराष्ट्र: प्रदेशवासियों से मनसे प्रमुख राज ठाकरे की अपील; पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली सबस्टेशन में लगी आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। पहले प्रेम प्रसंग और उसके बाद रंजिश का एंगल सामने आने के बाद अब जांच की आंच राज्य के खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) तक पहुंचती दिखाई दे रही है। इसके बाद खाद्य और औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवल विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा का सीधा संबंध खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग से है। विभाग के मंत्री झिरवल के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) गणेश देवरे से मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। दरअसल, देवरे लगभग तीन साल से पेपर लीक मामले के आरोपी गौरव पाटिल के मकान में किराएदार रहे थे। इस वजह से पर लीक के तार मंत्रालय से जुड़ने के कयास लगने लगे हैं। हालांकि, देवरे ने शनिवार को मीडिया से पेपर लीक मामले में किसी भी तरह का संबंध होने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि गौरव पाटिल के मकान में किराएदार के रूप में रहना महज संयोग है। उन्होंने बगैर ठोस आधार के बदनाम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। कृषि विभाग के अधिकारी गणेश देवरे को प्रतिनियुक्ति पर मंत्री झिरवल का ओएसडी नियुक्त किया गया था। बीते 25 अगस्त को उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया।
बेटी के लिए मैराथन दौड़ने वाली रमाबाई को तेंदुलकर ने भेजे जूते
महाराष्ट्र के बीड जिले की रहने वाली 47 वर्षीय रमाबाई रणवीर ने अपनी बेटियों की पढ़ाई के खर्च और किताबों के लिए नंगे पैर दौड़कर मैराथन जीती थी, जिसके बाद सचिन तेंदुलकर की टीम और देश के कई लोगों ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। तेंदुलकर से जुड़ी एक कंपनी/फाउंडेशन ने रमाबाई से संपर्क किया, उनके जूते का साइज पूछा और उन्हें रनिंग शूज का एक जोड़ा तोहफे में देने का फैसला किया। बीड के जिला कलेक्टर ने रमाबाई को 50,000 की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने भी उनकी बेटियों की शिक्षा में मदद का भरोसा दिया है। अब तक रमाबाई को 1.5 लाख से अधिक की मदद मिल चुकी है।
नागपुर में नशे में धुत कृष्णलाल यादव (41) ने डांस क्लास जाने के लिए खाना बनाने से इन्कार करने पर पत्नी यामिनी (38) की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी काम से घर लौटा था और यामिनी से खाना बनाने को कहा लेकिन वह डांस क्लास के लिए तैयार हो रही थी। उसने तुरंत खाना बनाने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कृष्ण लाल ने दोनों बच्चों के सामने ही यामिनी को बुरी तरह पीटा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नवी मुंबई स्पेशल ब्रांच में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पांडुरंग निंबा पाटिल ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, पाटिल शनिवार शाम ऐरोली के एक लॉज में ठहरे थे। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों ने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, जहां वह बेहोश मिले। उन्हें वाशी के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को उनके कमरे से एक वीडियो संदेश और सुसाइड नोट मिला है। इसमें पाटिल ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक और पेशेवर रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। इनमें एक पूर्व डीसीपी और एक एसीपी का नाम भी बताया गया है। पाटिल ने नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे से मामले की जांच कर परिवार को न्याय दिलाने की अपील की। परिवार ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए रबाले एमआईडीसी थाने में धरना दिया है।
समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) पर मुसलमानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समाज में मुसलमानों के खिलाफ नफरत बढ़ाना VHP का एजेंडा बन गया है। दरअसल, VHP ने शनिवार को कहा था कि महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले नवरात्रि के गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुसलमानों को शामिल नहीं होने दिया जाएगा। संगठन ने आयोजकों के लिए कुछ दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। इनमें प्रतिभागियों की हिंदू पहचान जांचने के लिए आधार कार्ड देखने और माथे पर तिलक लगाने जैसी बातें शामिल हैं। नवरात्रि इस साल 11 अक्टूबर से शुरू होगी। रईस शेख ने कहा कि भारत में अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं। उन्होंने VHP और बजरंग दल पर जानबूझकर मुसलमानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने RSS प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का भी जिक्र किया।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने लोगों से धार्मिक तनाव भड़काने की कोशिशों से सावधान रहने की अपील की है। ठाणे में पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए समाज में गुस्सा और तनाव बढ़ाया जा रहा है। लोगों को जाति और धर्म के विवादों में उलझाया जा रहा है, ताकि वे महंगाई और रोजगार जैसी आर्थिक समस्याओं से जुड़े मुद्दों से दूर रहें। राज ठाकरे ने आगामी गणेश उत्सव के दौरान दंगे भड़कने की आशंका भी जताई और हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों से सतर्क रहने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि अगर पहली तिमाही में GDP की वृद्धि 7.8 प्रतिशत है तो लोगों को विदेश यात्रा और सोना खरीदने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने सरकारी दफ्तरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को शिवाजी महाराज, डॉ. आंबेडकर और ज्योतिबा फुले जैसे महापुरुषों के साथ लगाने पर भी आपत्ति जताई।
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में रविवार दोपहर बिजली के एक सबस्टेशन में आग लगने से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा करीब 12:25 बजे चिंचवड़ स्थित महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MSETCL) के सबस्टेशन में हुआ। 22 केवी करंट ट्रांसफॉर्मर और ब्रेकर यूनिट में तकनीकी खराबी के बाद धमाका हुआ और आग लग गई। दमकल कर्मियों ने कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। इसके बाद सबस्टेशन के प्रभावित हिस्से को बंद कर दिया गया। MSETCL और MSEDCL के कर्मचारी दूसरे हिस्सों से बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट गए। आग के कारण प्राधिकरण, रावेत, कालेवाड़ी, वाकड, पिंपले गुरव, पिंपले निलख, सांगवी, पुनावले और ताथवड़े समेत कई इलाकों में बिजली चली गई। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
महाराष्ट्र के ठाणे में प्रस्तावित 12,100 करोड़ रुपये की इंटीग्रल रिंग मेट्रो परियोजना के खिलाफ रविवार को कई सौ लोगों ने प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद लोगों ने स्वामी जंक्शन से प्रशांत कॉर्नर तक मानव श्रृंखला बनाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नई मेट्रो परियोजना पर खर्च करने के बजाय ठाणे नगर परिवहन की बसों की संख्या बढ़ाई जाए और सड़कों को बेहतर बनाया जाए। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने परियोजना के लिए करीब 3,900 पेड़ों को काटे जाने पर भी आपत्ति जताई। स्थानीय नेताओं ने परियोजना से प्रभावित होने वाले करीब 1,400 से 1,500 परिवारों के पुनर्वास को लेकर भी सवाल उठाए हैं। प्रशासन के अनुसार, परियोजना के रूट का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध है। जनता और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को जनवरी 2027 तक तैयार होने वाली विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
महाराष्ट्र के जालना जिले में मराठा आरक्षण नेता मनोज जरांगे के प्रदर्शन स्थल के पास OBC कार्यकर्ताओं ने भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को जरांगे के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग अंतरवाली सराटी पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने OBC कार्यकर्ताओं से किसी दूसरे स्थान पर प्रदर्शन करने को कहा, ताकि दोनों गुटों के बीच टकराव न हो। OBC कार्यकर्ता मराठा समुदाय को OBC कोटे में आरक्षण देने की मांग का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे OBC समुदाय के आरक्षण अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इस बीच मराठा समुदाय के लोगों ने सोलापुर-धुले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाया। तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।