रामायण मोशन पोस्टर: सीता मैया की मुस्कान पर राघव जी बलिहार; गणेश चतुर्थी पर मेकर्स ने कराए 'सियाराम' के दर्शन
Ramayana First Motion Poster: फिल्म 'रामायण' की रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर मेकर्स ने फैंस को तोहफा दिया है।
विस्तार
नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' का पहला भाग इस साल दिवाली पर आएगा। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। आज 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर मेकर्स ने फैंस को सियाराम की एक झलक दिखाई है। इस फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी किया गया है।
टी-सीरीज ने साझा किया पोस्ट
आज सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर टी-सीरीज ने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है। पोस्ट में 'रामायण' का पहला मोशन पोस्टर जारी किया गया है। इसके साथ कैप्शन लिखा है, 'सिया-राम के शाश्वत बंधन का जश्न'। बता दें कि इससे पहले मेकर्स फिल्म के पहले गाने 'जय जय राम' को लेकर भी अपडेट साझा कर चुके हैं।
माता सीता के बालों में फूल सजाते दिखे प्रभु राम!
जारी किए गए मोशन पोस्टर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर दिख रहे हैं और सीता के रूप में साई पल्लवी। यह पोस्टर, शांत, स्थिर और सुकून देने वाला है। दोनों प्राकृतिक नजारों में एक-दूसरे के साथ समय बिता रहे हैं। जंगल में हरे-भड़े पेड़ हैं। शांत नदी बह रही है। नदी किनारे पहाड़ी पर माता सीता और प्रभु राम विराजमान हैं। राघव सरकार माता सीता के बालों में गुलाब का पुष्प सजा रहे हैं।
कब रिलीज होगी 'रामायण'
बीते दिन रविवार को मेकर्स ने जानकारी साझा की थी कि वे गणेश चतुर्थी के अवसर पर फिल्म के म्यूजिकल कैंपेन का श्रीगणेश करने जा रहे हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म का ‘सिया राम पोस्टर’ जारी करने के बाद फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ पेश किया जाएगा। फिल्म का ‘जय जय राम’ गाने को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। डॉ. कुमार विश्वास ने इसके बोल लिखे हैं, जबकि श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली के आस-पास आने वाला है, जिसकी वर्ल्डवाइड रिलीज 6 नवंबर को तय है। फिल्म भारत में 8 नवंबर, 2026 को रिलीज होगी। 'रामायण' का दूसरा भाग 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज होगा।