एनबीईएमएस: एफएमजीई अक्तूबर 2026 परीक्षा के नतीजे घोषित, 9354 उम्मीदवार पास; ऐसे देखें अपना स्कोरकार्ड
परीक्षा में 5,365 उम्मीदवार 140 से 149 अंकों के बीच रहे। वे 300 में से 150 अंक हासिल करने के जरूरी मानदंड से चूक गए। रिजल्ट में 30 उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है।
विस्तार
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) अक्तूबर 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा।
जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्तूबर सत्र की परीक्षा में कुल 9,354 उम्मीदवार सफल हुए हैं, जबकि 31,539 उम्मीदवार पास नहीं हो सके। परीक्षा का पास प्रतिशत 22.87 रहा। एफएमजीई अक्तूबर 2026 की परीक्षा 31 अक्टूबर को कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की गई थी।
एफएमजीई पास करने के लिए कितने अंक जरूरी हैं?
एफएमजीई अक्तूबर 2026 में सफल होने के लिए उम्मीदवारों को कुल 300 अंकों में से कम से कम 150 अंक हासिल करना जरूरी था। परीक्षा में पास या फेल के रूप में परिणाम जारी किया गया है। बोर्ड के अनुसार, रिजल्ट के दोबारा मूल्यांकन, रीचेकिंग, री-टोटलिंग या ग्रेस मार्क्स देने का कोई प्रावधान नहीं है।
कितने उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए?
एफएमजीई अक्तूबर 2026 परीक्षा से जुड़े आंकड़े इस प्रकार हैं:
| विवरण | उम्मीदवारों की संख्या |
|---|---|
| परीक्षा में शामिल हुए | 42,113 |
| पास हुए | 9,354 |
| फेल हुए | 31,539 |
| अनुपस्थित रहे | 1,190 |
| परिणाम रोका गया | 30 |
इसके अलावा, 5,365 उम्मीदवारों को 140 से 149 के बीच अंक मिले। ये उम्मीदवार पास होने के लिए जरूरी 150 अंकों के मानदंड से चूक गए।
कब जारी होगा स्कोरकार्ड?
परिणाम नोटिस मे बताया गया है कि एफएमजीई अक्तूबर 2026 परीक्षा के स्कोरकार्ड 20 नवंबर 2026 को डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
FMGE October 2026 Result
एफएमजीई अक्तूबर 2026 का स्कोरकार्ड कैसे डाउनलोड करें?
उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं:
- सबसे पहले एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं।
- होमपेज पर 'Result of FMGE' लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद एक नया पेज खुलेगा।
- यहां अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करें।
- सबमिट बटन पर क्लिक करें।
- एफएमजीई अक्तूबर 2026 का रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
स्कोरकार्ड में कौन-कौन सी जानकारी होगी?
एफएमजीई अक्तूबर 2026 के स्कोरकार्ड में उम्मीदवार से जुड़ी निम्नलिखित जानकारियां दर्ज होंगी:
- उम्मीदवार का नाम
- रोल नंबर
- आवेदन आईडी
- जन्मतिथि
- परीक्षा का सत्र
- 300 में से प्राप्त अंक
- पास या फेल होने की स्थिति
उम्मीदवार स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लें। किसी भी जानकारी को लेकर समस्या होने पर एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देश देखें।
कमेंट
कमेंट X