सितंबर की ठंड ने तोड़ा 24 साल का रिकॉर्ड: दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 2001 के बाद सितंबर का दूसरा सबसे कम तापमान है। बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। जानें अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम।
विस्तार
राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह मौसम ने रिकॉर्ड बना दिया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह 2001 के बाद सितंबर महीने में दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है। रविवार शाम को भी हल्की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बादलों की आवाजाही रहेगी लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को दिल्ली में बारिश के तीन से चार दौर चले। पूरे दिन 30 से 50 किलोमीटर तक हवाएं चलती रहीं। इस दौरान सफदरजंग में 4.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके असर से रविवार को भोर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2001 के बाद सितंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं, तीसरा सबसे कम तापमान 19 सितंबर 2024 को 21.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस लिहाज से इस साल 27 सितंबर का 21.0 डिग्री दूसरा सबसे ठंडा सितंबर का दिन बन गया है।
अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा
रविवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में ही 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। वहीं, यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
अक्तूबर की गुलाबी ठंड का स्वागत
विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी हवाओं और हाल की बारिश के बाद आसमान साफ होने से रात के तापमान में गिरावट आई है। मानसून की विदाई से पहले यह ठंडक अक्तूबर की गुलाबी ठंड का संकेत माना जा रहा है।
पूरे दिन मौसम रहा खुशनुमा
रविवार को पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं, शाम को हल्की बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया।
दो दिनों तक गर्मी से रहेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे। अगले दो दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री के बीच रहेगा।