थप्पड़ कांड पर गरमाई दिल्ली की सियासत: प्रवेश वर्मा पर एफआईआर की मांग कर रहे आप नेता हिरासत में; जानें मामला
आप ने थप्पड़ कांड में भाजपा नेता प्रवेश वर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर से इन्कार कर आप नेताओं को हिरासत में लिया।
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) ने थप्पड़ कांड को लेकर दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि इसी मांग को लेकर पैदल मार्च कर रहे आप नेताओं को हिरासत में लिया गया। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि आप विधायक जरनैल सिंह समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसीपी ऑफिस तक पैदल मार्च किया।
सौरभ भारद्वाज का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से इन्कार कर दिया था। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा ने एसएचओ के सामने एक युवक को थप्पड़ मारा था। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सौरभ भारद्वाज ने चेतावनी दी कि यदि सरेआम गुंडागर्दी करते पकड़े जाने पर भी एफआईआर नहीं होती, तो प्रवेश वर्मा की मनमानी और बढ़ेगी।
आप विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस पर लगाया आरोप
विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि सभी सबूत होने के बावजूद पुलिस ने प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार करने के बजाय आप नेताओं को हिरासत में ले लिया। आप नेताओं ने पुलिस पर प्रवेश वर्मा को बचाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने जान-बूझकर एफआईआर दर्ज नहीं की। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि घटना एसएचओ के सामने हुई थी। जरनैल सिंह ने बताया कि पुलिस ने सबूतों को नजरअंदाज किया।
#ArrestPraveshVerma@ArvindKejriwal@AamAadmiParty@SanjayAzadSln@AAPDelhi#PraveshVerma #Delhi #PWD #DelhiGovernment #Accountability #Justice #RoadQuality #PublicVoice #QuestionTheGovernment #NoToViolence #Democracy #DelhiPolitics pic.twitter.com/6XzPZAX5TF
— Jarnail Singh (@JarnailSinghAAP) September 27, 2026
क्या है दिल्ली का थप्पड़ कांड
आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार पर सवाल पूछ रहे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। आप नेता भाजपा पर लगातार हमलावर हैं।