{"_id":"6ab415a9394f4369320b5878","slug":"ghaziabad-transformer-bushing-bursts-at-bhatia-potteries-one-dead-five-injured-2026-09-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजियाबाद: भाटिया पॉटरीज में ट्रांसफार्मर की सीटी फटी, एक जिंदा जला; पांच झुलसे लोगों में दो की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजियाबाद: भाटिया पॉटरीज में ट्रांसफार्मर की सीटी फटी, एक जिंदा जला; पांच झुलसे लोगों में दो की हालत गंभीर
Wed, 23 Sep 2026 11:40 PM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 23 Sep 2026 11:40 PM IST
सार
करंट ट्रांसफार्मर से निकले खौलते ऑयल राजमिस्त्री नियाबुल (26) के ऊपर जा गिरा। नियाबुल के शरीर से आग की लपटें उठने लगीं। उसकी अस्पताल में देर रात मौत हो गई।
विज्ञापन
घायल मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सिहानी गेट थाना क्षेत्र के भाटिया रोड स्थित भाटिया पॉटरीज में बुधवार की दोपहर ट्रांसफार्मर का करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) अचानक फट गया। करंट ट्रांसफार्मर से निकले खौलते ऑयल राजमिस्त्री नियाबुल (26) के ऊपर जा गिरा। नियाबुल के शरीर से आग की लपटें उठने लगीं। ट्रांसफार्मर की मरम्मत करके नीचे उतरे बिजली विभाग के दो संविदाकर्मी दीपक शर्मा और मोहम्मद इकरार भी ऑयल की आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
विज्ञापन
नियाबुल के शरीर में लगी आग बुझाने के प्रयास में साथी संविदाकर्मी भूरा और सुलेमान भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे तीनों लोगों को अंबेडकर रोड स्थित श्यामलाल पन्नालाल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान नियाबुल की देर रात मौत हो गई जबकि दीपक शर्मा और मोहम्मद इकरार की हालत गंभीर है। सुलेमान और भूरा का प्रथम उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब दो बजे भाटिया पॉटरीज में ट्रांसफार्मर को बदलने के बाद संविदाकर्मी दीपक शर्मा निवासी हरिवंश नगर और मोहम्मद इकरार निवासी ग्राम गोविंदपुरम खुर्द थाना मूंढापांडे जनपद मुरादाबाद ने बिजलीघर से शटडाउन वापस लिया। जैसे ही ट्रांसफार्मर में बिजली प्रवाहित हुई तो उसकी करंट ट्रांसफार्मर अचानक धमाके के साथ फट गई।
विज्ञापन
इससे निकले खौलते ऑयल राजमिस्त्री नियाबुल निवासी ग्राम गोविंदपुरम खुर्द थाना मूंढापांडे जनपद मुरादाबाद के ऊपर जा गिरा। नियाबुल के शरीर से लपटें उठने लगी। ऑयल की चपेट में आकर दीपक शर्मा और मोहम्मद इकरार भी आकर गंभीर रूप से झुलस गए। नियाबुल की आग बुझाने के प्रयास में संविदाकर्मी सुलेमान और भूरा भी मामूली रूप से झुलस गए।
फैक्टरी प्रबंधन व उनके साथियों ने गंभीर रूप से झुलसे तीनों लोगों को श्यामलाल पन्नालाल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान 80 प्रतिशत अवस्था में जले नियाबुल की उपचार के दौरान देर शाम करीब साढ़े नौ बजे मौत हो गई। जबकि दीपक 50 प्रतिशत तो मोहम्मद इकरार 20 प्रतिशत जली अवस्था का उपचार जारी है। दोनों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। वहीं, नियाबुल में लगी आग बुझाने के प्रयास में झुलसे सुलेमान और भूरा को प्रथम उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।