जापान पर जीत के साथ भारत ने रचा इतिहास: 200 टी20 मैच जीतने वाला पहला देश बना; अभिषेक के नाम भी अनचाहा रिकॉर्ड
भारत ने जापान को हराकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 200 जीत पूरी करने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड बनाया। इस मुकाबले में कई अन्य आंकड़े भी बने। भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों का कुल स्कोर एसोसिएट टीम के खिलाफ उसका सबसे कम रहा, जबकि अभिषेक शर्मा ने एक कैलेंडर वर्ष में सात डक के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी की।
विस्तार
जापान के खिलाफ सानो में मिली दो रन की जीत भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय में 200वीं जीत रही। भारत ने 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम ने 50वीं, 100वीं और 150वीं जीत के पड़ाव पार किए और अब 200 जीत का आंकड़ा छू लिया है। भारत को पहली 50 जीत तक पहुंचने में 83 मैच लगे थे। इसके बाद हर अगले 50 जीत के पड़ाव तक पहुंचने में टीम ने अपेक्षाकृत कम मैच लिए।आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने अपनी पहली 50 जीत की तुलना में अंतिम 50 जीत 17 मैच कम खेलकर हासिल कीं।
भारत की माइलस्टोन जीतें
| जीत का पड़ाव | विपक्षी | स्थान | साल | जीत का अंतर |
|---|---|---|---|---|
| पहली जीत | दक्षिण अफ्रीका | जोहानिसबर्ग | 2006 | 6 विकेट |
| 50वीं जीत | श्रीलंका | कोलंबो आरपीएस | 2017 | 7 विकेट |
| 100वीं जीत | वेस्टइंडीज | कोलकाता | 2022 | 8 रन |
| 150वीं जीत | ऑस्ट्रेलिया | ग्रोस आइलेट | 2024 | 24 रन |
| 200वीं जीत | जापान | सानो | 2026 | 2 रन |
भारत ने कितने मैच लिए माइलस्टोन जीतों में
| जीत का चरण | 50 जीत के लिए खेले मैच |
|---|---|
| जीत 1 से 50 | 83 |
| जीत 51 से 100 | 72 |
| जीत 101 से 150 | 70 |
| जीत 151 से 200 | 66 |
अभिषेक शर्मा के नाम एक साल में सात डक
जापान के खिलाफ अभिषेक शर्मा अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके साथ 2026 में उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय में सात डक यानी सात बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। एक कैलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा डक के मामले में अभिषेक ने रवांडा के जप्पी बिमेनिमाना और ऑर्चिडे तुयसेन्जे (2023) तथा पाकिस्तान के सैम अयूब (2025) के सात-सात डक की बराबरी कर ली।
| खिलाड़ी | साल | एक कैलेंडर वर्ष में
टी20 अंतरराष्ट्रीय डक |
|---|---|---|
| जप्पी बिमेनिमाना | 2023 | 7 |
| ऑर्चिडे तुयसेन्जे | 2023 | 7 |
| सैम अयूब | 2025 | 7 |
| अभिषेक शर्मा | 2026 | 7* |
*2026 का आंकड़ा जापान के खिलाफ मुकाबले के बाद।
पहली गेंद पर पांच बार आउट, संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा
अभिषेक के लिए 2026 का एक और अनचाहा रिकॉर्ड सामने आया है। वह इस कैलेंडर वर्ष में पांच बार पहली ही गेंद पर आउट हो चुके हैं। किसी बल्लेबाज द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली गेंद पर पांच बार आउट होने का यह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा आंकड़ा है।
| बल्लेबाज | साल | पहली गेंद पर डक |
|---|---|---|
| केविन इराकोजे | 2023 | 5 |
| रिचर्ड नगारावा | 2024 | 5 |
| अभिषेक शर्मा | 2026 | 5 |
भारत के शीर्ष तीन का सबसे कम संयुक्त स्कोर
जापान के खिलाफ भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों का कुल स्कोर सिर्फ 12 रन रहा। यह एसोसिएट टीम के खिलाफ भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों का टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम संयुक्त स्कोर है। इससे पहले भारत का सबसे कम संयुक्त स्कोर 21 रन था, जो उसने 2026 में वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ बनाया था।
अगर सभी टी20 मैचों की बात करें तो अभिषेक शर्मा के नाम 2026 में 10 डक हैं। यह एक कैलेंडर वर्ष में किसी बल्लेबाज द्वारा टी20 में सबसे ज्यादा डक का आंकड़ा है।
| खिलाड़ी | साल | टी20 में डक |
|---|---|---|
| अभिषेक शर्मा | 2026 | 10 |
| राशिद खान | 2019 | 9 |
| शादाब खान | 2024 | 9 |
बाल बाल बची टीम इंडिया
टीम इंडिया बड़े उलटफेर से बाल बाल बच गई। जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच में सांसें तब अटक गई थीं, जब टीम इंडिया 32 रन ही बना सकी थी। बारिश के कारण यह मैच पांच-पांच ओवर का हुआ था। भारत ने पांच ओवर में चार विकेट पर 32 रन बनाए थे। जवाब में जापान ने पांच ओवर में तीन विकेट पर 30 रन बनाए। इस तरह टीम इंडिया जीत दर्ज करने में कामयाब रही।
भारत को शुरुआती तीन ओवरों में तीन झटके लगे थे। पहले ओवर में अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें चार्ली हारा हिंजे ने अभिषेक शर्मा को शोमा सुगाया के हाथों कैच कराया। वहीं, दूसरे ओवर में संजू सैमसन भी आउट हो गए। उन्हें इब्राहिम ताकाहाशी ने बेंजामिन के हाथों कैच कराया। सैमसन सात गेंद में एक चौके की मदद से नौ रन बना सके। इसके बाद तीसरे ओवर में बेंजामिन इतो डेविस ने ईशान किशन को माकोतो के हाथों कैच कराया। ईशान तीन रन बना सके। श्रेयस अय्यर 12 गेंद में 16 रन बनाकर पांचवें ओवर में आउट हुए। तिलक वर्मा तीन गेंद में एक रन बनाकर नाबाद रहे। जापान की ओर से चार्ली ने दो विकेट लिए। वहीं, इब्राहिम ताकाहाशी और बेंजामिन इतो डेविस को एक-एक विकेट मिला।
आखिरी ओवर का रोमांच
हालांकि, 33 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम में अनुभव की कमी दिखी। जापान ने चार ओवर में तीन विकेट पर 25 रन बना लिए थे। आखिरी छह गेंद में उसे आठ रन चाहिए थे। अक्षर पटेल ने आखिरी ओवर में गेंदबाजी की। पहली गेंद पर उन्होंने कोई रन नहीं दिया, जबकि अगली गेंद पर एक रन आया। अगली गेंद वाइड रही। तीसरी ऑफिशियल गेंद पर कोई रन नहीं आया। चौथी, पांचवीं और आखिरी गेंद पर जापान के बल्लेबाजों ने एक-एक रन लिया। इस तरह आखिरी ओवर में जापान की टीम पांच रन बना सकी और दो रन से मैच गंवा दिया।
जापान की ओर से कप्तान केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग ने 12 गेंद में 12 रन बनाए। इसके अलावा लाचलान यामामोटो लेक ने एक रन , इब्राहिम ताकाहाशी ने चार रन बनाए। बेंजामिन इटो डेविस नौ रन और एलेक्जेंडर शिराई पाटमोर ने दो रन बनाए। भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए। भारत को अब एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेना है। महिला क्रिकेट टीम ने 2023 के बाद इस बार भी स्वर्ण जीता है। अब श्रेयस अय्यर की टीम से भी यही उम्मीदें की जा रही हैं। 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में टीम इंडिया ने स्वर्ण जीता था।