बिहार: अकबरनगर स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत; चार साल का मासूम गंभीर
भागलपुर के अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बिहार के भागलपुर जिले के जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वर्धमान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी बांका जिले के अमरपुर के रहने वाले थे और बच्चे के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए अकबरनगर स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें- बिहार में गांधी सेतु के पास बड़ा नाव हादसा: बोल्डर से टकराकर गंगा में डूबी नाव; तीन लोग लापता
घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। रेल पुलिस मृतक पति-पत्नी की पहचान और हादसे की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।