कसया में नवीन सब्जी मंडी के समीप धू-धू कर जल रहा वैन।
कसया। कस्बे के पडरौना मार्ग स्थित नवीन सब्जी मंडी के समीप रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी से चलने वाली वैन अचानक आग की लपटों से घिर गई। गनीमत रही की चालक ने वैन को सड़क किनारे रोक दिया। उसमें बैठे वाराणसी के सूर्यांश सिंह और चालक ने कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते कार जल गई।
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद (बिरवलपुर) निवासी सूर्यांश सिंह ने देवरिया से वैन किराए पर लिया और रवींद्रनगर धूस के पास धर्मपुर बुजुर्ग जा रहे थे। वहां उनकी पत्नी विद्यालय में अध्यापिका हैं। जैसे ही वैन कसया कस्बे के नवीन सब्जी मंडी के पास पहुंची, अचानक उससे धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते ही चालक ने तत्काल गाड़ी रोक दी और देखते ही देखते वैन धूं-धूं कर जलने लगी। लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी वैन आग का गोला बन गई, इससे मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहगीरों ने 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। तब तक वैन पूरी तरह जल गई। इस संबंध में एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि वैन के जलने की जानकारी हुई है। जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।