समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को रविवार दोपहर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय गाजियाबाद से डासना स्थित जिला जेल लाया गया। ईडी की टीम उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट से लेकर जेल पहुंची। जेल परिसर के बाहर पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आजम खान के जेल पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके परिजन, गाजियाबाद से उनकी मुंह बोली बेटी, वकील और समर्थक भी जेल के मुख्य गेट पर पहुंच गए। ईडी की टीम जब आजम खान को लेकर डासना जेल पहुंची तो पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी। किसी भी तरह की अव्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जेल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था।
सुरक्षा घेरे के बीच आजम खान को लगभग 2.32 बजे जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कार से ले जाया गया। इसके बाद लगभग पौने 3 बजे जेल प्रशासन की ओर से निर्धारित कागजी और अन्य जरूरी कार्रवाई पूरी की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जेल में दाखिल करा दिया गया। आजम खान के जेल पहुंचने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में हलचल दिखाई दी। जेल के मुख्य गेट पर मौजूद परिजन, वकील और समर्थक उनके समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए।
समर्थकों की भीड़ के चलते जेल के बाहर कुछ समय तक माहौल गर्म रहा। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और व्यवस्था को नियंत्रित रखा। इस दौरान धौलाना विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक असलम चौधरी भी आजम खान के समर्थन में सामने आए। उन्होंने कहा कि आजम खान हमारे नेता हैं और उन्हें सरकार की ओर से गलत तरीके से फंसाया गया है, उन्होंने कहा कि आजम खान को मौहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी बनाने की सजा सरकार द्वारा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि रामपुर जेल से छूटकर बाहर निकलने पर उन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया और दिल्ली ले गए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार बदलने वाली है और आने वाले समय में सब कुछ सही हो जाएगा।
असलम चौधरी ने आजम खान के प्रति अपना समर्थन जताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ खड़े हैं। आजम खान के जेल पहुंचने के बाद डासना जिला जेल के बाहर समर्थकों और लोगों की निगाहें पूरे घटनाक्रम पर टिकी रहीं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें जेल के अंदर भेजे जाने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने भी सुरक्षा इंतजाम बनाए रखे। आजम खान को अभी मुलाहजा बैरक में रखा गया है। न्यायालय में अगली पेशी की 13 नवंबर निर्धारित की गई है। न्यायालय से जेल प्रशासन को आजम खान के स्वास्थ्य और नियमित दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिये गये हैं।