{"_id":"6ad256a195c72483ee09c9d6","slug":"bjp-leaders-launched-a-protest-against-the-municipal-corporation-over-the-removal-of-religious-hoardings-katni-news-c-1-1-noi1360-4842207-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"कटनी: दशहरा महोत्सव के होर्डिंग हटाने पर भारी बवाल, अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई पर भाजपा ने खोला मोर्चा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कटनी: दशहरा महोत्सव के होर्डिंग हटाने पर भारी बवाल, अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई पर भाजपा ने खोला मोर्चा
Sat, 17 Oct 2026 09:04 AM IST
कटनी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कटनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कटनी
Published by: कटनी ब्यूरो
Updated Sat, 17 Oct 2026 09:04 AM IST
सार
दशहरा महोत्सव के प्रचार के लिए लगे होर्डिंग हटाने की कार्रवाई से नाराज भाजपा नेताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना देकर चक्काजाम कर दिया। मामला बढ़ने पर आयुक्त ने जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
धार्मिक होडिंग हटाने पर चक्का जाम
विस्तार
शहर में धार्मिक आयोजन के प्रचार के लिए लगाए गए होर्डिंग हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई से नाराज बीजेपी नेताओं और श्री बजरंग उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने निगम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामला बढ़ने के बाद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
दरअसल पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मिशन चौक का है, जहां कटनी दशहरा महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए भगवान श्रीराम के छायाचित्र के साथ होर्डिंग लगाए गए थे। नगर निगम की टीम ने इन होर्डिंग को हटा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आयोजन समिति के सदस्य, बीजेपी नेता और समाजसेवी नाराज हो गए। देखते ही देखते विरोध शुरू हुआ और प्रदर्शनकारी नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। यहां धरना देकर चक्काजाम किया गया और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग उठाई गई।
विज्ञापन
श्री बजरंग उत्सव समिति के संबंधित अधिकारी अभिषेक ताम्रकार ने अतिक्रमण अधिकारी और उनकी टीम को हटाने की मांग रखी। वहीं पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि होर्डिंग रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए थे। धार्मिक आयोजन से जुड़े होर्डिंग हटाए जाने से समिति के सदस्य नाराज हैं और उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: एमपी: भोपाल में सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली, क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक की हथेली के आर-पार
विवाद बढ़ने के बाद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक के मुताबिक नगर निगम की ओर से कमर्शियल बैनर और होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन भूलवश निगम कर्मचारियों ने दशहरा महोत्सव का बैनर भी हटा दिया। मामले को कमिश्नर के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
राजस्व अधिकारी के मुताबिक तथ्यों के आधार पर अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह और उनकी टीम के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि फिलहाल संबंधित अधिकारी का निलंबन नहीं हुआ है। नगर निगम प्रशासन ने केवल जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ऐसे में अब निगाहें जांच के नतीजे पर टिकी हैं कि धार्मिक आयोजन के होर्डिंग हटाने के मामले में किसकी लापरवाही सामने आती है और निगम प्रशासन संबंधित अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।
