Live
उत्तराखंड विधानसभा सत्र: विपक्ष का हंगामा, काले झंडे लहराए, कार्यवाही कुछ देर स्थगित, मनाने पहुंचे मंत्री
Uttarakhand Vidhan Sabha Live updates in hindi: उत्तराखंड विधानसभा के दूसरे दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान के साथ कई अहम विधायी कार्य प्रस्तावित हैं। सदन में पेश किए गए नौ विधेयकों पर विचार के बाद उन्हें पारित करने की कार्यवाही होगी। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में दिनभर का एजेंडा तय किया गया। सत्र को लेकर पल-पल के अपडेट पढ़ें यहां...
लाइव अपडेट
विधानसभा में भ्रष्टाचार पर चर्चा की मांग, विपक्ष वेल में पहुंचा; सदन में हंगामा
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्ष ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग उठाई। विपक्षी विधायक नियम 310 के तहत 210 करोड़ रुपये के मामले पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर विपक्षी विधायक एक बार फिर सदन के वेल में पहुंच गए। इस दौरान सदन में हंगामा हुआ। विपक्ष भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा। विधायकों के वेल में पहुंचने और विरोध के चलते सदन की कार्यवाही के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जनभावनाओं और हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : सीएम धामी
फिर हंगामा, चर्चा की मांग पर अड़े विपक्षी विधायक, 12 बजे तक सदन स्थगित
विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध जारी रहा। विपक्षी विधायक एक बार फिर सदन के वेल में पहुंच गए और काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की। विपक्ष चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान भाजपा विधायकों ने चकराता की दो बेटियों को धमकी दिए जाने का मामला भी उठाया। इस मामले में कांग्रेस में शामिल करने की मांग किए जाने की बात कही गई। सदन में हंगामे के बीच कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्ष का हंगामा, काले झंडे लहराए; 11:20 बजे तक कार्यवाही स्थगित
विधानसभा सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों ने सदन में चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। कांग्रेस विधायक अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंचे और वहां काले झंडे लहराए। विपक्ष विधानसभा अध्यक्ष से सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग कर रहा था। हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही को सुबह 11:20 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष के विरोध के चलते विधानसभा की कार्यवाही बाधित रही। कांग्रेस विधायक अपनी मांगों पर चर्चा कराने के लिए लगातार आवाज उठाते रहे।
विधानसभा में फोटो सेशन को लेकर सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, अरविंद पांडेय ने की निंदा
उत्तराखंड विधानसभा में फोटो सेशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद हो गया। विधायक अरविंद पांडेय ने फोटो सेशन से विपक्ष के किनारा करने की निंदा की। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस मामले में निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। वहीं, विपक्ष का कहना है कि विधायकों के साथ जिस तरह की दुर्दशा हुई, ऐसे में फोटो सेशन का क्या मतलब है। इस मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने नजर आए। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि नए विधायकों के फोटो सेशन का मौका निकल गया।
विधानसभा सत्र का दूसरा दिन: कार्यवाही शुरू होने से पहले धरने पर बैठे विपक्षी नेता
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू हो गई। कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी विधायक विधानसभा भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस विधायकों ने भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। सदन के भीतर कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष का यह प्रदर्शन देखने को मिला। विधानसभा भवन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए अपना विरोध जताया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल विपक्षी नेताओं को मनाने पहुंचे।