उत्तराखंड विधानसभा सत्र: अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
Uttarakhand Vidhan Sabha Live updates in hindi: गैरसैंण के भराड़ीसैंण में दो दिन तक चले उत्तराखंड विधानसभा सत्र में अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित हो गए। बुधवार को सत्र के अंतिम दिन भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने सदन के भीतर नारेबाजी करते हुए कागज फेंके और काले झंडे लहराए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
लाइव अपडेट
विपक्ष के हंगामे के बीच अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित कर दिए गए। विरोध जताते हुए विपक्षी विधायकों ने सदन के वेल में कागज फेंके। सदन में शोर-शराबे के बीच विधायी कार्यवाही पूरी की गई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। इसके साथ ही विधानसभा सत्र की कार्यवाही समाप्त हो गई।
विनियोग विधेयक भी पारित
सदन में 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पारित होने के साथ ही विनियोग विधेयक भी पारित कर दिया गया। सदन में विपक्ष के शोर-शराबे के बीच बजट और विनियोग विधेयक पारित करने की प्रक्रिया पूरी हुई।
अनुपूरक बजट पारित
उत्तराखंड विधानसभा में 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पारित कर दिया गया। सदन में विपक्ष के शोर-शराबे और विरोध के बीच बजट पारित करने की प्रक्रिया पूरी हुई। सरकार ने अनुपूरक बजट में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धनराशि का प्रावधान किया है।अनुपूरक बजट पारित किया जा रहा
विधानसभा में विपक्ष के शोर-शराबे के बीच अनुपूरक बजट पारित किया जा रहा है। सदन में विपक्षी विधायकों का विरोध जारी रहने के दौरान बजट पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। अनुपूरक बजट में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है।बाढ़ सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा उठा, कांग्रेस विधायक धरने पर बैठे
कांग्रेस विधायक मोहम्मद शहजाद ने नियम-58 के तहत बाढ़ सुरक्षा का मामला उठाया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने जवाब दिया। वहीं, लैंसडौन वन प्रभाग के तहत कोटद्वार में मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के लिए दीवार बनाने का मामला भी सामने आया। स्थानीय लोगों की ओर से इस कार्य के लिए लगाए गए पैसे का मुद्दा उठाया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने सरकार को निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों का पैसा लौटाया जाए। सदन में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा के बीच कांग्रेस विधायक धरने पर बैठ गए।
चर्चा की मांग पर वेल में पहुंचे विपक्षी विधायक
विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने एक बार फिर चर्चा की मांग को लेकर विरोध जताया। विपक्षी विधायक सदन के वेल में पहुंच गए और नारेबाजी की। इस दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी नारे लगाए गए। सदन में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री रेखा आर्या जवाब दे रही थीं। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद भी विपक्ष का विरोध जारी रहा। विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर विपक्षी विधायक सदन में नारेबाजी करते रहे। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही जारी रही।
विधानसभा में भ्रष्टाचार पर चर्चा की मांग, विपक्ष वेल में पहुंचा; सदन में हंगामा
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्ष ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग उठाई। विपक्षी विधायक नियम 310 के तहत 210 करोड़ रुपये के मामले पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर विपक्षी विधायक एक बार फिर सदन के वेल में पहुंच गए। इस दौरान सदन में हंगामा हुआ। विपक्ष भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा। विधायकों के वेल में पहुंचने और विरोध के चलते सदन की कार्यवाही के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जनभावनाओं और हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : सीएम धामी
फिर हंगामा, चर्चा की मांग पर अड़े विपक्षी विधायक, 12 बजे तक सदन स्थगित
विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध जारी रहा। विपक्षी विधायक एक बार फिर सदन के वेल में पहुंच गए और काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की। विपक्ष चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान भाजपा विधायकों ने चकराता की दो बेटियों को धमकी दिए जाने का मामला भी उठाया। इस मामले में कांग्रेस में शामिल करने की मांग किए जाने की बात कही गई। सदन में हंगामे के बीच कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्ष का हंगामा, काले झंडे लहराए; 11:20 बजे तक कार्यवाही स्थगित
विधानसभा सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों ने सदन में चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। कांग्रेस विधायक अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंचे और वहां काले झंडे लहराए। विपक्ष विधानसभा अध्यक्ष से सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग कर रहा था। हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही को सुबह 11:20 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष के विरोध के चलते विधानसभा की कार्यवाही बाधित रही। कांग्रेस विधायक अपनी मांगों पर चर्चा कराने के लिए लगातार आवाज उठाते रहे।