झारखंड: फादर बेनेडिक्ट पर जानलेवा हमले के मामले में स्कूल के तीन पूर्व छात्र निरुद्ध, चोरी की रकम भी बरामद
झारखंड के खूंटी में आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर जानलेवा हमले और चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।
विस्तार
आरसी बालक मध्य विद्यालय (मिखाईल) के प्रधानाचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर जानलेवा हमला करने और चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले में शामिल तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों नाबालिग इसी स्कूल से पढ़ाई पूरी कर चुके थे।
20 अक्तूबर की रात फादर बेनेडिक्ट पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। आरोपियों ने चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था। इस हमले को लेकर मसीही समाज में आक्रोश था।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया खुलासा
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आठ पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी थी। टीम में अभियान सहायक पुलिस अधीक्षक क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस उपाधीक्षक मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंसी साव, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा समेत अन्य अधिकारी शामिल थे।
टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मामले में संलिप्त नाबालिगों की पहचान की। इसके बाद तीनों को निरुद्ध कर लिया गया। तीनों पहले इसी स्कूल के विद्यार्थी थे और वहां से पढ़ाई पूरी कर चुके थे।
नकदी और अन्य सामग्री बरामद
निरुद्ध किए गए नाबालिगों की निशानदेही पर एसआईटी ने फादर के कार्यालय से चोरी किए गए 85,747 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री भी बरामद की है।
ये भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद निर्वाचन के मतदान के दौरान हंगामा: मजिस्ट्रेट के साथ नोकझोंक, लगाई कड़ी फटकार
घायल फादर की स्थिति स्थिर
उल्लेखनीय है कि फादर बेनेडिक्ट को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था। रांची में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, अब उनका रक्तचाप और रक्त शर्करा का स्तर सामान्य हो गया है। चिकित्सा दल ने उनकी सभी आवश्यक जांचें पूरी कर ली हैं। घावों के चिकित्सीय मूल्यांकन के बाद आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी। फादर बिसु ने भी फादर बारला के खतरे से बाहर होने की पुष्टि की है।