जम्मू-कश्मीर: पुंछ में भेड़-बकरियां चराने गई महिला लापता, एलओसी पार कर पीओके पहुंचने की आशंका
पुंछ जिले के कीरनी गांव की रहने वाली रूबीना कौसर शुक्रवार को आठ बकरियां चराने निकली थीं लेकिन घर वापस नहीं लौटीं।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास रहने वाली एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला अपनी आठ बकरियों के साथ नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पहुंच गई है।
महिला की पहचान रूबीना कौसर, पत्नी मोहम्मद शफी, निवासी गांव कीरनी के रूप में हुई है। रूबीना शुक्रवार को अपनी बकरियों को चराने के लिए घर से निकली थी लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। उसके मवेशियों के साथ एलओसी पार करने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और प्रशासन के अधिकारी गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला गलती से नियंत्रण रेखा पार कर गई या उसने जानबूझकर ऐसा किया।
नियंत्रण रेखा के दोनों ओर कई परिवारों के रिश्तेदार रहते हैं, इसलिए महिला के सीमा पार जाने के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाना जरूरी है।