फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   All preparations will be completed two days before the Sonepur fair:

बिहार: सोनपुर मेले से दो दिन पहले पूरी होंगी सभी तैयारियां, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Sat, 10 Oct 2026 07:39 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छपरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छपरा Published by: सारण ब्यूरो Updated Sat, 10 Oct 2026 07:39 AM IST
सार

सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने निर्देश दिया कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की सभी तैयारियां उद्घाटन से कम से कम दो दिन पहले पूरी हों। सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, पुलिस आवासन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खाद्य सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

विज्ञापन
All preparations will be completed two days before the Sonepur fair:
सोनपुर मेला को लेकर आयोजित बैठक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेला शुरू होने से कम से कम दो दिन पहले सभी निर्धारित कार्य पूरे करने होंगे। साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, पुलिस बल के आवासन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

शुक्रवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

विज्ञापन

प्रत्यक्ष एवं हाइब्रिड मोड में आयोजित बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संबंधित कार्यों के टेंडर से लेकर कार्यादेश तक में समयसीमा का स्पष्ट उल्लेख किया जाए।

विज्ञापन
विज्ञापन


सफाई व्यवस्था की होगी निगरानी, गुणवत्ता की जांच करेगी समिति
मेला क्षेत्र में सेक्टरवार साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए सैनिटेशन सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सफाई कर्मियों की आवश्यकता का आकलन करने के साथ ही सफाई की आवृत्ति और समय-सारणी भी टेंडर में निर्धारित की जाएगी। इसके लिए छपरा नगर निगम के आयुक्त की अध्यक्षता में एक कोषांग गठित किया जाएगा। इसमें अन्य नगर निकायों के पदाधिकारी और कर्मी भी शामिल होंगे।

मेला क्षेत्र में भवन निर्माण और अन्य संबंधित कार्यों के लिए पहले से योजना तैयार कर नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इसमें प्रशासनिक और तकनीकी पदाधिकारी शामिल होंगे, जो कार्यों की जांच कर प्रतिवेदन सौंपेंगे।

पढ़ें: मुजफ्फरपुर में फर्जी जमीन म्यूटेशन का मामला: निलंबित सीओ महेंद्र शुक्ला गिरफ्तार, विधायक समेत नौ पर आरोप

शौचालय, पेयजल और पुलिस बल के आवासन पर जोर
मेले में पर्याप्त संख्या में शौचालय और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित की जाएगी।

मेले के दौरान तैनात होने वाले पुलिस बल के लिए कैंप और आवासन की व्यवस्था करने को कहा गया। डीएम ने सभी कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

लिटरेरी फेस्टिवल, बुक फेयर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
सोनपुर मेले को आकर्षक बनाने के लिए लिटरेरी फेस्टिवल और बुक फेयर की तैयारियां भी समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत प्रकाशकों की सहभागिता, आयोजन की रूपरेखा और समय-सारणी पहले से निर्धारित की जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उच्च स्तरीय कलाकारों का चयन करने और पर्यटन विभाग तथा कला-संस्कृति विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रमों में लोकगीत, सूफी संगीत और भक्ति संगीत सहित विभिन्न विधाओं को शामिल करने की तैयारी की जाएगी।



सरकारी स्टॉल से खाद्य सुरक्षा तक की तैयारी
मेला परिसर में सरकारी प्रदर्शनियों, विभागीय स्टॉल और व्यावसायिक दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने को कहा गया।

डीएम ने सभी पदाधिकारियों को समयबद्धता, स्वच्छता, आपसी समन्वय और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से कराना और यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा अन्य आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed