बिहार: पहले फोन कर बुलाया, फिर साड़ी से घोंट दिया गला; 46 वर्षीय महिला की हत्या में पड़ोसी गिरफ्तार
किशनगंज के बहादुरगंज में 46 वर्षीय महजबी खातून की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पड़ोसी सिमनान उर्फ साह सिमनान (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फोन कर महिला को बुलाया था। कहासुनी के बाद साड़ी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।
विस्तार
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय महिला महजबी खातून की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमनान उर्फ साह सिमनान (23 वर्ष), पिता अब्दुल खालिक, निवासी नटुआपाड़ा, वार्ड संख्या-14, थाना बहादुरगंज के रूप में हुई है। आरोपी मृतका का पड़ोसी बताया जा रहा है।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने शनिवार दोपहर मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते छह अक्तूबर को बहादुरगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि नटुआपाड़ा, वार्ड संख्या-14 में महजबी खातून की घर में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेज दिया गया। मृतका के पुत्रों के आवेदन के आधार पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 643/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे और करीब एक वर्ष से दोनों के बीच संपर्क था। मृतका का पति लुधियाना में रहता है।
ये भी पढ़ें-आक्रोश मार्च : दिल्ली में हंगामे के बीच बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा क्यों उतरी सड़क पर? किससे कहा- माफी मांगो
जांच में पता चला कि पांच अक्तूबर को आरोपी ने मृतका को फोन कर बुलाया था और उसके घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।