बिहार: इंस्टाग्राम पर पिस्तौल-कारतूस के साथ फोटो डालना पड़ा महंगा, किशनगंज में दो युवक गिरफ्तार
किशनगंज में हथियार और कारतूस के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें व वीडियो साझा करने के मामले में दो युवक गिरफ्तार हुए हैं। आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे केले के थम के नीचे से दो कारतूस बरामद हुए हैं। पिस्तौल की तलाश जारी है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर हथियार और कारतूस के साथ तस्वीरें व वीडियो साझा करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे से दो कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, देशी पिस्तौल की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर 'लव यू 302111' नामक अकाउंट से दो युवक देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो साझा कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम खुशरू सिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने जांच के बाद सुदर्शन कुमार (20), पिता मुन्ना महतो, और रोहित कुमार (22), पिता जितन महतो, दोनों निवासी दुमरिया घाट, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज को गिरफ्तार कर लिया।
विश्वकर्मा पूजा पर बनाई थीं हथियार के साथ तस्वीरें
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्होंने विश्वकर्मा पूजा 2026 के अवसर पर देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर साझा किए थे। कुछ दिनों बाद तस्वीरें वायरल होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए पिस्तौल और कारतूस नदी किनारे फेंक दिए थे।
पढे़ं: अनंत सिंह की मेहनत बेकार, नीरज को सर्टिफिकेट का इंतजार; विधान परिषद परिणाम देखें
केले के थम के नीचे प्लास्टिक की थैली में मिले कारतूस
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी और उसके आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान केले के थम के नीचे काले रंग की प्लास्टिक की थैली में रखे दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कारतूस जब्त कर लिए हैं, जबकि देशी पिस्तौल की तलाश जारी है।
मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 301/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026, के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में जिला आसूचना इकाई और टेढ़ागाछ, कोचाधामन, दिघलबैंक एवं बिशनपुर थानों के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।