Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   white house press corps evacuated after man crashes car into sign and clashes

अमेरिका: व्हाइट हाउस के पास कार ने साइनबोर्ड को मारी टक्कर, सीक्रेट सर्विस और नेशनल गार्ड से भिड़ा शख्स

Mon, 09 Nov 2026 10:10 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन डीसी।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन डीसी। Published by: निर्मल कांत Updated Mon, 09 Nov 2026 10:10 PM IST
सार

अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास एक कार साइनबोर्ड से टकरा गई। इसके बाद ड्राइवर ने सीक्रेट सर्विस और नेशनल गार्ड के जवानों पर हमला कर दिया। एक अन्य व्यक्ति भी बैरिकेड पार कर अंदर घुसा। पूरे मामले में अब तक क्या-क्या हुआ? पढ़िए इस रिपोर्ट में।

विज्ञापन
white house press corps evacuated after man crashes car into sign and clashes
व्हाइट हाउस के पास व्यक्ति ने साइन बोर्ड से टकराई कार - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एक्स/आरटी

विस्तार

अमेरिका में सोमवार सुबह (स्थानीय समय) व्हाइट हाउस के पास एक व्यक्ति ने अपनी कार पार्क में घुसा दी। यह पार्क व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में है। कार एक साइनबोर्ड से टकरा गई। इसके बाद व्हाइट हाउस में कुछ समय के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया।
विज्ञापन


डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस में मौजूद ज्यादातर पत्रकारों को अंदर जाने का निर्देश दिया। उन्हें वहीं रहने को कहा गया। इसके कुछ देर बाद द वॉशिंगटन सन के पत्रकार मार्टिन ऑस्टरम्यूले ने घटना का वीडियो बनाया। वीडियो में एक व्यक्ति की कार लैफायेट स्क्वायर पार्क में लगे साइनबोर्ड से टकराती दिखी। यह पार्क व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में है।
विज्ञापन


वीडियो में ड्राइवर धुआं निकल रही कार से बाहर आता दिखाई दिया। इसके बाद वह संघीय अधिकारियों से भिड़ गया।
 
वीडियो में संदिग्ध अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और नेशनल गार्ड के जवानों पर मुक्के बरसाता दिखाई दिया। हादसे के बाद सुरक्षा कर्मी संदिग्ध की जांच करते भी नजर आए। अभी यह साफ नहीं है कि कार की टक्कर जानबूझकर मारी गई थी या नहीं। हालांकि, चालक ने मौके पर पहुंचे कानून प्रवर्तन अधिकारियों पर तुरंत हमला करना शुरू कर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय व्हाइट हाउस में ही थे। हालांकि, वह पूरे दिन सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे।

सीक्रेट सर्विस ने घटना पर क्या बताया?
सीक्रेट सर्विस के एक प्रवक्ता ने डेली मेल को बताया, सुबह 10 बजे से ठीक पहले सीक्रेट सर्विस पुलिस और नेशनल गार्ड को लैफायेट पार्क के उत्तरी हिस्से में बुलाया गया था। यह जगह नॉर्थवेस्ट वeशिंगटन डीसी में 16वीं स्ट्रीट और एच स्ट्रीट के पास है। वहां एक वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया था।

प्रवक्ता ने कहा, चालक ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ हाथापाई की। हालांकि, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर स्थानीय मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग की विस्फोटक सामग्री निष्क्रिय करने वाली टीम को भी बुलाया गया था। टीम ने वाहन की जांच की।

दूसरे व्यक्ति को भी किया गया गिरफ्तार
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता के मुताबिक, केवल चालक को ही गिरफ्तार नहीं किया गया। उसी समय एक दूसरा व्यक्ति भी लैफायेट पार्क के उत्तर-पश्चिमी कोने के पास लगी बैरिकेड पार करके अंदर घुस गया। प्रवक्ता ने कहा, उस व्यक्ति को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान: नेशनल असेंबली के उपचुनाव में आतंकी हाफिज सईद को झटका; सत्तारूढ़ पार्टी ने कितने वोटों से हराया?

इसके बाद लैफायेट पार्क के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने व्हाइट हाउस के प्रेस कर्मियों को वेस्ट विंग से बाहर जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद पत्रकार बाहर बने अपने टीवी टेंट में वापस जा सके।

पहले भी हुईं इस तरह की घटनाएं?
यह इस साल व्हाइट हाउस के पास हुई सुरक्षा से जुड़ी ताजा घटना है। इससे पहले भी यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले हफ्ते गृह सुरक्षा विभाग और सीक्रेट सर्विस ने वेनेजुएला के एक अवैध प्रवासी को गिरफ्तार किया था। उसके पास कई बंदूकें थीं। उसने राष्ट्रपति को मारने की धमकी भी दी थी।

अधिकारियों ने व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियां करते देखा था। जांच में पता चला कि उसने वाहन चोरी किया था। उस वाहन में कई हथियार थे। इनमें एक राइफल और दर्जनों कारतूस भी शामिल थे। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही थे।


मई में भी व्हाइट हाउस के बाहर हुई थी गोलीबारी
इस साल मई में 21 वर्षीय नासिर बेस्ट ने व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी की थी। इस दौरान सीक्रेट सर्विस के जवानों के साथ उसकी गोलीबारी हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट पर कुछ देर तक इधर-उधर घूमने के बाद उसने रिवॉल्वर निकाली थी। इसके बाद उसे गोली मार दी गई थी। उसकी मौत हो गई थी।

वह सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा चौकी के पास पहुंचा था। उसने अपने बैग से हथियार निकाला। इसके बाद उसने कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के तुरंत बाद व्हाइट हाउस में लॉकडाउन लगा दिया गया था। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंदर मौजूद थे। हालांकि, उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed