कौन हैं महराह अल नाहयान?: नशे में धुत लंदन की सड़क पर मिलीं बेहोश, अमीराती शाही परिवार से क्या है रिश्ता?
यूएई के शाही परिवार से जुड़ी महराह अल नाहयान को लंदन में तीन साल के बच्चे की देखभाल में लापरवाही बरतने के मामले में दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर सुनाया गया है। घटना के समय वह सड़क पर बेहोश थीं और बच्चा नंगे पैर गाड़ियों के पास घूम रहा था।
विस्तार
लंदन में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शाही परिवार से जुड़ी 32 वर्षीय महराह अल नाहयान को बच्चे की देखभाल में लापरवाही बरतने के मामले में सजा सुनाई गई है। जून में वह पश्चिमी लंदन की एक सड़क पर बेहोश मिली थीं। उस समय उनकी देखरेख में रहने वाला तीन साल का बच्चा सड़क किनारे घूम रहा था और चलती गाड़ियों के करीब पहुंच गया था। महराह ने साउथवार्क क्राउन कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया। अदालत ने उन्हें दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर सुनाया है। इसके अलावा, उन्हें जुर्माने और कानूनी खर्चों के तौर पर 6,114 पाउंड चुकाने होंगे।
सड़क पर बेहोश थीं महराह
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 13 जून को हुई थी। महराह एक इमारत के बाहर रेलिंग के सहारे बेहोश पड़ी थीं। उनके पास एक अन्य व्यक्ति भी बेहोश मिला। इसी दौरान तीन साल का बच्चा बिना जूतों के सड़क किनारे स्कूटर के साथ खेल रहा था। जिसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्चे को इस हालत में देखा तो तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं को सूचना दी और उनके पहुंचने तक बच्चे के पास ही रुके रहे। इस दौरान महराह करीब 30 मिनट तक बेहोश रहीं। अदालत में बताया गया कि एक बार बच्चा कागज के टुकड़े के पीछे भागते हुए सड़क की तरफ चला गया था, लेकिन वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
घटना से कुछ दिन पहले किया था कोकीन का सेवन
अदालत को बताया गया कि महराह ने घटना से कुछ दिन पहले कोकीन का सेवन किया था। हालांकि, उनके बचाव पक्ष के वकील स्टीफन वुलो केसी ने कहा कि उन्होंने घटना वाले दिन ड्रग्स नहीं लिए थे। वकील के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में नशीले पदार्थों के सेवन के कारण वह काफी थक गई थीं। अभियोजन पक्ष ने अदालत में घटना से जुड़ी फुटेज भी पेश की। इसमें महराह एक इमारत के बाहर फुटपाथ पर बैठी दिखाई दीं, जबकि उनका सिर रेलिंग से टिका हुआ था। होश में आने के बाद उन्होंने कथित तौर पर वहां मौजूद लोगों से पूछा कि वे इतनी चिंता क्यों कर रहे हैं।
कौन हैं महराह अल नाहयान?
महराह अल नाहयान की शादी अबू धाबी के शाही अल नाहयान परिवार में हुई है। यह परिवार यूएई के सबसे बड़े अमीरात अबू धाबी पर शासन करता है। देश के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी इसी परिवार से हैं। अदालत की सुनवाई के दौरान सामने आया कि महराह को हर महीने करीब 8,000 पाउंड का आर्थिक भत्ता मिलता है। हालांकि, अदालत में उनकी आर्थिक स्थिति से ज्यादा बच्चे की सुरक्षा को लेकर बरती गई लापरवाही पर ध्यान दिया गया। जज जेरेमी जॉनसन केसी ने कहा कि छोटे बच्चे को इस तरह असुरक्षित छोड़ना गंभीर लापरवाही है। ऐसी स्थिति में बच्चा घायल हो सकता था या लापता हो सकता था।
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया: जहाजों पर हमलों से भारत चिंतित, भारतीयों की सुरक्षा को लेकर यूएन में उठाए सवाल; क्या अपील की?
रिहैब सेंटर में चल रहा इलाज, अदालत ने सुनाई सजा
घटना के बाद महराह सरे के वोकिंग स्थित प्रायरी क्लिनिक में भर्ती हुईं। यहां नशे की लत और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज किया जाता है। उनके वकील ने अदालत को बताया कि महराह को अपनी गलती का पछतावा है और वह नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए गंभीर हैं। उनके मुताबिक, क्लिनिक में भर्ती होने के बाद से उन्होंने नशीले पदार्थों का सेवन नहीं किया है। महराह तीन महीने का इलाज पूरा करेंगी। इसके बाद गिल्डफोर्ड में डे पेशेंट के तौर पर उपचार जारी रखेंगी और नारकोटिक्स एनोनिमस की बैठकों में भी हिस्सा लेंगी। अदालत ने उन्हें दो साल के कम्युनिटी ऑर्डर के तहत नशा मुक्ति कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया है। साथ ही, उन्हें 6,114 पाउंड जुर्माने और संबंधित खर्चों के रूप में चुकाने होंगे।