{"_id":"6b049b8d787ecf8c83057577","slug":"donald-trump-claims-china-could-have-offered-nvidia-ceo-jensen-huang-top-role-at-huawei-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्या जेनसन हुआंग पर है चीन की नजर?: ट्रंप का दावा- एनवीडिया के सीईओ को हुवावे का प्रमुख बना सकते थे जिनपिंग","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
क्या जेनसन हुआंग पर है चीन की नजर?: ट्रंप का दावा- एनवीडिया के सीईओ को हुवावे का प्रमुख बना सकते थे जिनपिंग
Tue, 24 Nov 2026 01:32 AM IST
शिवम गर्ग
एएनआई, वॉशिंगटन
एएनआई, वॉशिंगटन
Published by: शिवम गर्ग
Updated Tue, 24 Nov 2026 01:32 AM IST
सार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग एनवीडिया प्रमुख जेनसन हुआंग का काफी सम्मान करते हैं। ट्रंप के मुताबिक, चीन उन्हें हुवावे की कमान सौंपने का प्रस्ताव दे सकता था।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप और जेनसन हुआंग
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप का कहना है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग हुआंग का बहुत सम्मान करते हैं। अगर एनवीडिया ने उन्हें दोबारा कंपनी की कमान नहीं सौंपी होती, तो चीन उन्हें अपनी किसी बड़ी टेक कंपनी, यहां तक कि हुवावे का प्रमुख बनाने का प्रस्ताव दे सकता था। ट्रंप ने यह बात अमेरिकी न्यूज नेटवर्क सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कही।
विज्ञापन
जिनपिंग की नजर में अलग मुकाम रखते हैं जेनसन हुआंग
ट्रंप ने इंटरव्यू में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिनपिंग की नजर में एनवीडिया प्रमुख जेनसन हुआंग का दर्जा दूसरे लोगों से काफी अलग है। ट्रंप के मुताबिक, जिनपिंग हुआंग की सेमीकंडक्टर और आधुनिक चिप तकनीक की समझ के साथ-साथ इस उद्योग के भविष्य को लेकर उनकी सोच का भी सम्मान करते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हुआंग की विशेषज्ञता उन्हें बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। उन्होंने यहां तक कहा कि चीन उन्हें अपने यहां किसी बड़ी कंपनी का नेतृत्व करने के लिए मोटी रकम देने की पेशकश कर सकता था।
विज्ञापन
'चीन हुवावे की कमान सौंपने का दे सकता था प्रस्ताव'
ट्रंप ने कहा कि अगर हुआंग अमेरिका में अपने साथ हुए व्यवहार से नाराज होते, तो वह चीन जाने के बारे में सोच सकते थे। उन्होंने दावा किया कि चीन उन्हें हुवावे जैसी कंपनी का प्रमुख बनाने का प्रस्ताव दे सकता था। ट्रंप ने कहा ''मैं कल्पना कर सकता हूं कि अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो चीन जेनसन के पास जाकर कहता कि क्या आप चीन आना चाहेंगे? क्या आप हुवावे या हमारी किसी कंपनी का नेतृत्व करना चाहेंगे?''
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा कि अगर हुआंग अमेरिका में अपने साथ हुए व्यवहार से नाराज होते, तो संभव है कि वह इस तरह के प्रस्ताव पर विचार करते। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि हुआंग अभी अपनी कंपनी में बहुत अच्छा कर रहे हैं।
ब्लैकवेल चिप को बताया हुआंग की सबसे बड़ी ताकत
ट्रंप ने एनवीडिया की ब्लैकवेल चिप तकनीक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के पीछे हुआंग की अहम भूमिका है और इसकी बारीकियों को उनसे बेहतर कोई नहीं समझता। ट्रंप के मुताबिक, ब्लैकवेल चिप हुआंग की अपनी परिकल्पना और मेहनत का नतीजा है। यही विशेषज्ञता उन्हें वैश्विक तकनीकी उद्योग में बेहद अहम बनाती है।
11 दिन बाद फिर एनवीडिया के CEO बने जेनसन हुआंग
एनवीडिया ने सोमवार को घोषणा की कि जेनसन हुआंग को तत्काल प्रभाव से कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर बहाल कर दिया गया है। वह कंपनी के निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में भी लौट आए हैं। कंपनी की ओर से यह फैसला 13 नवंबर को उनके पद छोड़ने के 11 दिन बाद आया। पद छोड़ने के पीछे निजी संबंधों को लेकर सामने आई कई रिपोर्टों का जिक्र किया गया है। इनमें एनवीडिया की एक अधिकारी और चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों की खबरें शामिल थीं। अमेरिकी अधिकारियों ने एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया तंत्र के साथ काम करने का आरोप लगाया था।
बोर्ड ने सर्वसम्मति से वापसी को दी मंजूरी
एनवीडिया के निदेशक मंडल ने हुआंग के साथ बातचीत के बाद उनकी वापसी के पक्ष में सर्वसम्मति से मतदान किया। कंपनी के बोर्ड ने कहा कि वह हुआंग की स्पष्टवादिता और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता से संतुष्ट है। हुआंग की वापसी और ट्रंप के ताजा बयान ने अमेरिका-चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। खासकर सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एनवीडिया की अहम भूमिका को देखते हुए इस बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
