उदयपुर में श्री सनातन धर्म सेवा समिति और श्री बिलौचिस्तान पंचायत के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विजयादशमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार गांधी ग्राउंड में 100 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकर्ण के 65-65 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया जाएगा।
तीनों पुतलों का निर्माण मथुरा के शाकिर अली और उनकी टीम ने किया है। आयोजन की तैयारियों के तहत पुतलों को शक्तिनगर स्थित बिलौचिस्तान भवन से गांधी ग्राउंड पहुंचाया गया है। महोत्सव को भव्य बनाने के लिए 100 से अधिक कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
पहली बार होगा विशेष हनुमान चालीसा पाठ
इस बार विजयादशमी महोत्सव में विशेष हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन महोत्सव को खास बनाएगा। दशहरा कार्यक्रम के तहत दोपहर 3:30 बजे शक्तिनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शाम 5:30 बजे गांधी ग्राउंड पहुंचेगी।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की झांकी सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 7 बजे लंका दहन और 7:15 बजे रावण, मेघनाथ तथा कुंभकर्ण के पुतलों का अग्निबाण से दहन प्रस्तावित है।
काले बादलों और बूंदाबांदी से बढ़ी चिंता
दशहरा महोत्सव के अंतिम दिन मौसम ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। गांधी ग्राउंड में हल्की बूंदाबांदी होने के कारण आयोजक विशाल पुतलों को टेंट से ढककर बारिश से बचाते नजर आए। ऐसे में सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रावण दहन संपन्न होगा। समिति की ओर से दर्शकों से समय पर गांधी ग्राउंड पहुंचने की अपील की गई है।
ये रहेंगे आयोजन के आकर्षण
100 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
मेघनाथ और कुंभकर्ण के 65-65 फीट ऊंचे पुतलों का दहन
पहली बार विशेष हनुमान चालीसा पाठ
भगवान श्रीराम की झांकी सहित शोभायात्रा
सांस्कृतिक कार्यक्रम और लंका दहन
ये भी पढ़ें- जयपुर: राजस्थान पुलिस के 52 निरीक्षकों को मिला पदोन्नति का तोहफा, बने आरपीएस
विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उदयपुर में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्सुकता है। अब देखना होगा कि बारिश की आशंका के बीच गांधी ग्राउंड में दशहरा महोत्सव किस तरह संपन्न होता है।
रावण दहन आज, बारिश बनी बैरन - फोटो : credit
रावण दहन आज, बारिश बनी बैरन - फोटो : credit