शहर के क्लॉक टॉवर थाना क्षेत्र में ब्लू केसर स्थित एक दुकान पर पुलिस ने करीब 10 घंटे तक कार्रवाई की। एप्पल कंपनी के प्रतिनिधि की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एप्पल आईफोन के कथित नकली डिब्बे, चार्जिंग केबल, स्टीकर, लोगो सहित अन्य सामान जब्त किया। पुलिस ने इस मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दुकान मालिक नितेश केशवानी को हिरासत में लिया है।
पुलिस की कार्रवाई दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई, जो रात करीब 12 बजे तक चली। इतनी लंबी कार्रवाई के बावजूद पूरे मामले को लेकर क्लॉक टॉवर थाना सीआई भीखाराम काला और पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। इसी तरह की कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में भी की गई जहां से पुलिस ने एप्पल कंपनी का नकली सामान जब्त किया है ।
ये भी पढ़ें: 27वीं मंजिल से कूदा छात्र: गाजियाबाद में बड़ा हादसा, राजस्थान के युवक ने किया सुसाइड; डीयू से कर रहा था पीएचडी
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई कि पुलिस को मौके पर हवाला कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर हवाला कारोबार से संबंधित किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में करीब 10 घंटे चली कार्रवाई और पुलिस की चुप्पी ने पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर पुलिस की कार्रवाई केवल नकली एप्पल सामान और कॉपीराइट से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य मामला भी सामने आया था। पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।