वेज पिज्जा की जगह नॉनवेज पिज्जा डिलीवरी और पिज्जा से दुर्गंध आने की शिकायत के बाद दमोह में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डोमिनोज पिज्जा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। सोमवार शाम करीब चार बजे किल्लाई नाका-बालाकोट मार्ग स्थित सेंटर पर पहुंची टीम ने रसोई, खाद्य पदार्थों की तैयारी, भंडारण, ओवन, फ्रीजर और पैकिंग व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान विभाग को कई व्यवस्थाओं में कमियां मिलीं। इसके बाद सेंटर का लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया और प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
12 सितंबर को कलेक्टर से की गई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने 12 सितंबर को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राहक ने वेज पिज्जा ऑर्डर किया था, लेकिन उसे नॉनवेज पिज्जा डिलीवर कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने पिज्जा से दुर्गंध आने की बात भी कही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार को डोमिनोज सेंटर का निरीक्षण किया।
एक ही किचन, फ्रीजर और ओवन का इस्तेमाल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सेंटर में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों की तैयारी के लिए एक ही किचन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों के लिए एक ही फ्रीजर और ओवन के उपयोग की बात भी सामने आई। खाद्य पदार्थों की पैकिंग भी एक ही स्थान पर किए जाने की जानकारी मिली। विभाग ने निरीक्षण के दौरान सामने आई इन व्यवस्थाओं में कमियां दर्ज कीं और सेंटर प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- सागर: तीन नेत्रदान से चार बुजुर्गों की लौटी आंखों की रोशनी, बीएमसी में सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण
चीज, सॉस और क्रीम के लिए सैंपल
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सेंटर में इस्तेमाल किए जा रहे चीज, सॉस और क्रीम के नमूने भी लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
एक सप्ताह के लिए लाइसेंस निलंबित
निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने डोमिनोज पिज्जा सेंटर का लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अब प्रबंधन के जवाब और खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे की वैधानिक कार्रवाई तय करेगा।
शिकायत के बाद विभाग ने की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने बताया कि विभाग को 12 सितंबर को शिकायत मिली थी। शिकायत में वेज पिज्जा की जगह नॉनवेज पिज्जा पहुंचने और दुर्गंध की बात कही गई थी। शिकायत के आधार पर सेंटर का निरीक्षण किया गया, जहां खाद्य पदार्थों की तैयारी और रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण में कमियां मिलने पर लाइसेंस निलंबन और नोटिस की कार्रवाई की गई है।
फिलहाल खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद सेंटर प्रबंधन के जवाब और भोपाल प्रयोगशाला से आने वाली जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इन्हीं के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

पिज्जा सेंटर पर निरक्षण पर खाद्य पदार्थों की जांच करते अधिकारी
पिज्जा सेंटर पर निरक्षण पर खाद्य पदार्थों की जांच करते अधिकारी
पिज्जा सेंटर पर निरक्षण पर खाद्य पदार्थों की जांच करते अधिकारी