हनुमान अंश: बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे फिल्म के कलाकार, पूजा-अर्चना की; सीएम के बारे में ये बोल गए
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर बनी हनुमान अंश फिल्म की सफलता से उत्साहित टीम ने सोमवार सुबह कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
विस्तार
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर बनी हनुमान अंश फिल्म की सफलता से उत्साहित हनुमान अंश की टीम ने सोमवार की सुबह कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सुबह सात बजे मंदिर में पहुंचकर मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या ने अपनी टीम के साथ आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मंदिर में बाबा के दर्शन कराने के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या ने कहा कि रविवार को उत्तराखंड के खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें उत्तराखंड की संस्कृति के अनेकों रंग देखने को मिले। उन्होंने कहा कि पहली बार जनजातीय डांस, वाद्ययंत्र और नगाड़े बजाना देखा, जो बेहद अच्छा लगा। सत्या ने कहा कि उन्हें अच्छा लगा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बुलाया, सम्मानित किया और उनके साथ डांस भी किया। साथ ही सीएम ने उनकी फिल्म को टैक्स फ्री भी किया, जो भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई थी। यह दिखाता है कि सीएम का संस्कृति के प्रति प्रेम है। उन्होंने कहा कि जब संस्कृति आगे बढ़ती है तो विकास भी होता है।
सत्या ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां कई पवित्र स्थल भी हैं, इनमें केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ कैंची धाम है। उन्होंने कहा कि यहां की हवा और माहौल बहुत अच्छा है। उन्होंने लोगों से देवभूमि उत्तराखंड आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि यहां की व्यवस्था भी अच्छी है। उन्होंने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में अच्छा विकास कार्य किया है और व्यवस्था को भी बेहतर किया है। उन्होंने हनुमान अंश फिल्म को आगे बढ़ाने के लिए लोगों का धन्यवाद किया।