दर्दनाक: दो युवकों की मौत, आठ घंटे बाद खाई में मिली लाश, सड़क पर चार घंटे से लगाया जाम; पुलिस-पीएसी तैनात
जिले के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत में बरलाई-धवरियासाथ मार्ग स्थित जहनियांपुर मोड़ पर बिजली के खंभे से बाइक टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के करीब आठ घंटे बाद दोनों के शव खाई में मिले। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। चार घंटे बाद नगर पंचायत की कार्रवाई पर जाम समाप्त हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत में पुल के पास स्थित अंधा मोड़ शनिवार की रात फिर दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गया। यहां तेज रफ्तार बाइक बिजली के पोल से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार कुर्थीजाफरपुर निवासी आकाश (24) और उनके बुआ के बेटे दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा निवासी निकेश (26) की मौत हो गई। दोनों युवक रिश्ते में बुआ-भतीजे के भाई थे।
बताया गया कि शनिवार की रात हादसे की सूचना मिलने के बाद करीब नौ बजे परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों की तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण काफी खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे। रविवार सुबह करीब पांच बजे सड़क किनारे खाई में बाइक दिखाई दी। नीचे उतरकर देखा गया तो आकाश और निकेश के शव पड़े थे। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, अंधे मोड़ पर लगे पेड़ों को हटाने और बिजली के पोल को शिफ्ट करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। स्थिति को देखते हुए दक्षिण टोला, कोपागंज थाने की पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात किया गया।
मौके पर पहुंचे घोसी के सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी और तहसीलदार सदर ने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा। सुबह करीब नौ बजे नगर पंचायत की ओर से अंधे मोड़ पर पेड़ों की कटाई शुरू कराए जाने के बाद भीड़ धीरे-धीरे हटने लगी।
सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि परिजनों से वार्ता की जा रही है। उनकी कुछ मांगें हैं, जिनके संबंध में उच्चाधिकारियों से बातचीत की जा रही है।