फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Sports News Reshma scored 7 goals and Muskan 5 handball match defeating Sheet College final today

वाराणसी के खेल समाचार: हैंडबॉल में रेशमा ने 7 और मुस्कान ने 5 गोल दागे, शीएट कॉलेज को हराया; फाइनल आज

Tue, 13 Oct 2026 01:17 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Tue, 13 Oct 2026 01:17 AM IST
सार

वाराणसी में अंतर महाविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के महिला वर्ग का खिताब महादेव पीजी कॉलेज ने जीत लिया। टीम की रेशमा ने सात और मुस्कान ने पांच गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई। महादेव पीजी कॉलेज ने शीएट कॉलेज को हराया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का फाइनल आज खेला जाएगा।

विज्ञापन
Varanasi Sports News Reshma scored 7 goals and Muskan 5 handball match defeating Sheet College final today
ट्राॅफी के साथ विजेता खिलाड़ी की टीम। - फोटो : संवाद

विस्तार

बड़ा लालपुर जीवनदीप महाविद्यालय के खेलकूद मैदान पर सोमवार को अंतर महाविद्यालयीय हैंडबॉल में महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला हुआ। फाइनल में महादेव पीजी कॉलेज ने शीएट  कॉलेज 18-8 के स्कोर से एकतरफा जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया।

विज्ञापन


महादेव पीजी कॉलेज की रेशमा यादव ने दो बार बैक टू बैक गोल किए। पूरे मैच में रेशमा के खाते में कुल 7 गोल आए। वहीं, मुस्कान ने 5 गोल दागे। सीएट कॉलेज की प्रीति पटेल ने 5 और काजल ने 2 गोल किए। इससे पहले महादेव पीजी कॉलेज ने सेमीफाइनल में घनश्याम पीजी कॉलेज को हराया था। पुरुष वर्ग का फाइनल मंगलवार को होगा। वाइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों व कोच को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया। 
विज्ञापन


दूसरे दिन पुरुष वर्ग के क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सीएट कॉलेज ने काशी विद्यापीठ की टीम को नजदीकी मुकाबले में 15-12 से हराया। दूसरे मैच में काशी विद्यापीठ ने जीवनदीप को 12-8 से, तीसरे मैच में महादेव पीजी कॉलेज ने एकतरफा मुकाबले में पं. दीन दयाल पल्हीपट्टी की टीम को 23-1 के स्कोर से करारी शिकस्त दी। चौथे मैच में सीएट पीजी कॉलेज ने मेजबान जीवनदीप को 11-5 से हराया। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

सबसे पहले सेमीफाइनल में पहुंची महादेव कॉलेज
पहले सेमीफाइनल में महादेव पीजी कॉलेज की टीम ने डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज को 15-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरा सेमीफाइनल काशी विद्यापीठ और सीएट कॉलेज के बीच मंगलवार को 11 बजे से खेली जाएगी। जीतने वाली टीम फाइनल में महादेव पीजी कॉलेज की टीम के खिलाफ खेलेगी। संचालन क्रीड़ा प्रभारी डा. राजेश यादव, धन्यवाद डॉ. नंदा ने दिया। इस पर प्रो. मृदुला व्यास, मो. मुशर्रफ खां, डॉ. इंद्रश चंद्र सिंह, नंदलाल यादव, डॉ. अमित सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

स्केटिंग में डब्ल्यूएच स्मिथ के स्केटर ने जीते 2 स्वर्ण
वाराणसी। सीआईएससीई बोर्ड की राष्ट्रीय स्कूली स्केटिंग प्रतियोगिता ठाणे के अमेया क्लासिक इंटरनेशनल स्केटिंग ट्रैक पर हुई। 8 से 12 अक्तूबर तक प्रतियोगिता में डब्ल्यूएच स्मिथ मेमोरियल स्कूल सिगरा के स्केटर मुस्तफा अबान खान ने दो स्वर्ण पदक जीते। प्रधानाचार्या डॉ. अनिता पॉलीन डे ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे भारत के अलग-अलग राज्यों से 1200 बच्चों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग किया। जिसमें विद्यालय के स्केटर मुस्तफा अबान खान ने 2000 मीटर रोड रेस और 1000 मीटर की रिंक रेस में 2 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रिंसिपल प्रत्याशा मुखर्जी, समन्वयक संगीता नायक ने खुशी जाहिर की। 

आईआईटी के 2000 छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी बीएचयू) में तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव स्पर्धा-2026 सोमवार को संपन्न हो गया। 41वें संस्करण में अलग-अलग आईआईटी के दो हजार विद्यार्थियों ने पांच मैदानों पर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल महोत्सव 9 से 11 अक्तूबर तक हुआ।  समापन समारोह जिमखाना मैदान में हुआ। अर्जुन पुरस्कार विजेता संदीप नरवाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। युवा एथलीटों को खेल के प्रति समर्पित रहने और फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।  प्रो. मेधा झा, डॉ. देबदीप भंडारी, डॉ. दीपकऔर संयोजक ज्ञानेश राजे मौजूद रहे। 

ताइक्वांडो : 11 पदक के साथ दुर्गाकुंड चैंपियन
मऊ में ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दुर्गाकुंड के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण और 1 रजत जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता। मानवी मिश्रा और रितिका पाल ने क्योरुगी (फाइट) और पुम्से दोनों स्पर्धाओं में दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए। यह प्रतियोगिता मऊ में 10 और 1 अक्तूबर तक हुई। मानवी, रितिका, वेदांत, धरा, ऋषिता, वैष्णवी, शगुन और प्रियंका ने स्वर्ण जबकि धरा गुप्ता ने रजत पदक जीता। 

बैडमिंटन: लक्ष्मी और रोहिनिका की जोड़ी जीती
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन शताब्दी प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को संपन्न हो गई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि युगल मुकाबले में लक्ष्मी शुक्ला और रोहिनिका पांडे की जोड़ी ने अनुष्का खान व प्रगति गुप्ता को 15-5, 4-15, 15-13 से पराजित किया। पुरुष युगल में अभिनव गुप्ता और आयुष मिश्रा (अयोध्या) ने हर्ष सिंह व शिवम पटेल को 15-8, 15-9 से हराया। महिला एकल में प्रगति गुप्ता (सहारनपुर) ने तानू पाल को 15-8, 15-8 से मात दी। 

14 खिलाड़ियों ने पास की कराटे की बेल्ट परीक्षा
नाइन एकडेमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से सोमवार शाम संस्कार कराटे क्लासेज में ब्लैक बेल्ट परीक्षा हुई। 80 खिलाड़ियों ने परीक्षा दी। इसमें 14 ने बेल्ट परीक्षा पास की। कोच अमित उपाध्याय ने बताया कि दो परीक्षार्थियों डॉ. प्रखर और लितेश ने सेकंड डैन ब्लैक बेल्ट प्राप्त की। फर्स्ट डैन ब्लैक बेल्ट में श्रेयषी सिंह, डॉ. शिवांगी सिंह, आराध्या त्रिपाठी, ओजस्वी पटेल, आद्या सोनकर, अनन्य पांडेय, ब्राह्मी, उद्देसी मित्रा, शुभी शर्मा, प्रांजल वर्मा, कृष्णा यादव और आंजनेय राय उत्तीर्ण हुए। इस मौके पर अनूप उपाध्याय मौजूद रहे। 

अवेंजर्स बना बिडवार प्रीमियर लीग का चैंपियन
सिगरा में पिच एंड पैडल में बिडवार प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। जूनियर वर्ग में सीसीसी रुद्रास जूनियर और सीनियर वर्ग में यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने खिताब जीता। सीनियर वर्ग के फाइनल में यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने सनबीम एकेडमी सीनियर को तीन रन से हराया। यूनिक अवेंजर्स ने छह ओवर में 60 रन बनाए, जिसमें आदित्य श्रीवास्तव ने 21 गेंदों पर 42 रन की आक्रामक पारी खेली। आदित्य को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

बरेका के अजय ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स में कांस्य जीता
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कर्मी अजय कुमार बिंद ने 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीता है। अजय ने यह उपलब्धि नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 5000 मीटर दौड़ 14 मिनट 3.86 सेकंड में दौड़ पूरी कर हासिल की है। प्रतियोगिता 8 से 11 अक्तूबर तक हुई थी। अजय बरेका में टेक्नीशियन (फिटर) हैं। 

किक बॉक्सिंग में वाराणसी दूसरे स्थान पर
कैलाशपुरी स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में रविवार देर शाम आयोजित वाको उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग स्टेट चैंपियनशिप में मेजबान चंदौली के खिलाड़ियों ने शानदार दबदबा बनाया। चंदौली की टीम ने सर्वाधिक 24 स्वर्ण, 15 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 49 पदक हासिल कर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, वाराणसी 15 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदकों के साथ उपविजेता रहा, जबकि भदोही ने 7 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। 

फुटबॉल टीम का चयन 17-18 अक्तूबर को
सीनियर पुरुष इंटर रीजन फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए वाराणसी मंडल टीम का चयन परीक्षण 17 और 18 अक्तूबर को होगा। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अवैतनिक सचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों का परीक्षण 17 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में होगा। मंडल के खिलाड़ियों का परीक्षण 18 अक्तूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता 23 से 30 अक्तूबर तक वाराणसी में होगी। चयन के बाद 16 खिलाड़ी वाराणसी मंडल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। 

प्रादेशिक कुश्ती में पदक जीतने के लिए प्रशिक्षण
प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी के 13 चयनित खिलाड़ी सिगरा स्टेडियम में रोज दो सत्र में अभ्यास कर रहे हैं। कोच गोरख यादव ने बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुश्ती में हर एक दांव पर अंक मिलते हैं। राज्यस्तरीय पुरुष सीनियर कुश्ती 13 से 15 अक्तूबर तक मिर्जापुर होगी। 

योगासन में 27 पदक जीत चैंपियन
प्रादेशिक स्कूली योगासन प्रतियोगिता में वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप का खिताब जीता। टीम ने 27 पदक हासिल किए, जिनमें 18 स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक हैं। 16 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्कूली योगासन खेल 2026-27 के लिए किया गया है। बालक वर्ग में वाराणसी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 श्रेणियों में विजेता रहा। इस वर्ग ने 10 स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित 13 पदक जीते। बालक वर्ग से नौ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेलों के लिए चुना गया। बालिका वर्ग में वाराणसी अंडर-19 श्रेणी में विजेता रही। अंडर-14 और अंडर-17 श्रेणियों में टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग ने आठ स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य सहित 14 पदक जीते। 

स्टेडियम इलेवन ने विवेक सिंह क्लब को 4 विकेट से हराया
आर्य विद्या सभा, काशी के खेल मैदान पर सोमवार को खेले गए सनशाइन कप अंडर-19 जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले में स्टेडियम इलेवन ने ओलंपियन विवेक सिंह क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से पराजित किया। 

स्टेडियम इलेवन के दीपक यादव को किफायती गेंदबाजी (7 ओवर, 1 मेडन, 19 रन, 3 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर ओलंपियन विवेक सिंह क्रिकेट क्लब की टीम 32.3 ओवर में 168 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए विशाल यादव ने 41 गेंदों में सर्वाधिक 39 रन (4 चौके, 1 छक्का) बनाए, जबकि आयुष सिंह ने 33 (4 छक्के) और कप्तान रोहित सिंह ने 28 रनों का योगदान दिया। 

स्टेडियम इलेवन की ओर से दीपक यादव ने शानदार गेंदबाजी कर 3 विकेट झटके। हर्ष यादव ने 2 और अनिकेत कुमार ने 2 विकेट अपने नाम किए। जवाब में 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम इलेवन ने 21.5 ओवरों में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए और मैच जीत लिया। हर्ष यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मात्र 36 गेंदों में 49 रन (3 चौके, 4 छक्के) बनाए।

सलामी बल्लेबाज वंश जायसवाल ने 21 गेंदों में 38 रन और आनंद विजय सिंह ने 24 गेंदों में 5 शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 35 रनों की पारी खेली। विकास यादव ने भी 35 रनों का अहम योगदान दिया। ओलंपियन विवेक सिंह क्लब की ओर से देवेश सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी कर 7 ओवर में 1 मेडन रखकर 40 रन दिए और 4 विकेट चटकाए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। इसके अलावा विशाल यादव और निष्कर्ष पांडेय को 1-1 विकेट मिला। अंपायर कृष्णा यादव रहे।

कृषि विज्ञान संस्थान ने एसवीडीवी को 88 रनों से हराया
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से अंतर-संकाय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार शाम एंफीथियेटर मैदान पर शुरू हुई। उद्घाटन मैच में कृषि विज्ञान संस्थान ने संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय (एसवीडीवी) को 88 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। मुकाबले में कृषि विज्ञान संस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 191 रन बनाए, जिसमें निखिल कुमार ने 36 और सुमित ने 35 रन का योगदान दिया। जवाब में एसवीडीवी संकाय की टीम 15.4 ओवर में 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। निखिल राजपूत ने चार विकेट लिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed